शिक्षा और रोजगार
मन्नामाज़रा के अरबीन की गंगोह में पीट-पीटकर हत्या
युवक की मौत से परिजनों में मचा कोहराम, गमगीन माहौल में गांव के कब्रिस्तान में किया गया सुपुर्द-ए-खाक
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के सलारपुरा स्थित टायर फैक्ट्री में मन्नामाज़रा के अरबीन चौहान की कुछ लोगो ने पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को मृतक युवक का शव गांव मन्नामाजरा पहुंचा। जहां गमगीन माहौल में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार कानून-व्यवस्था के दृष्टिगत एतिहातन पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। परिजनों के अनुसार, अरबीन ने करीब दो साल पहले गंगोह में रक टायर फैक्ट्री स्थापित की थी। इससे पहले फैक्ट्री शामली के कंडेला इंडस्ट्रीज एरिया में थी। जनपद शामली के एनसीआर में शामिल होने के बाद गंगोह में कारोबार शुरू किया था।
अरबीन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। मुबारिक और अमजद उसके छोटे भाई हैं। परिवार में पत्नी बीनो, मां जुबेदा, पुत्र जुनैद और तीन बेटियां हैं। पिता रुकमदीन का करीब दस वर्ष पहले निधन हो गया था। अरबीन परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसकी मौत से मां, पत्नी और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। शुक्रवार की रात्रि कुछ लोगो ने फैक्ट्री में घुसकर अरबीन पर हमला कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में एक दर्जन से अधिक लोग मारपीट और गाड़ी में तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। हमले में सादिक नामक कर्मचारी भी घायल हुआ है। अरबीन के छोटे भाई अमजद ने हत्यारोपियों के खिलाफ गंगोह थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।