Cleanliness Campaign: महिला थानाध्यक्ष ललिता सिंह के नेतृत्व में चला सफाई अभियान, स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
एसपी शामली एनपी सिंह के निर्देशन में पुलिसकर्मियों ने संभाली सफाई की कमान
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत गुरुवार को पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया। इस दौरान कैराना में पुलिसकर्मियों ने महिला थानाध्यक्ष ललिता सिंह के नेतृत्व में थाना परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की। वहीं, पुलिसकर्मियों ने लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया।
गुरुवार को पूरे जनपद में एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत समस्त थानों, पुलिस कार्यालयों, बैरकों, आवासीय परिसरों एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने परिसर में फैले अनावश्यक कूड़े-कचरे को हटाकर साफ-सफाई की तथा कार्यस्थलों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर ध्यान दिया। साथ ही, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने, कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यस्थल को बेहतर वातावरण और विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसी अभियान के तहत कैराना कोतवाली परिसर में स्थित परामर्श केंद्र एवं महिला थाने में थानाध्यक्ष ललिता सिंह के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की। साथ ही, लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने घरों और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान महिला हेड कांस्टेबल पूनम मिश्रा, आशा तथा कांस्टेबल रिषा, रेनू एवं अंजू समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।