राठीखेड़ा के चक दो आरके में आगजनी प्रकरण: पीड़ित 

परिवार को इंसाफ की मांग,ग्रामीण और परिजनों ने 20 जुलाई को टिब्बी थाने के घेराव का किया ऐलान, डीएसपी ने आरोपों को बताया निराधार

Published On

टिब्बी (सच कहूँ न्यूज़)। Tibbi News: कस्बे के समीप ग्राम पंचायत राठीखेड़ा के चक 2 आरके की ढाणी में 13 मई को हुई आगजनी की घटना को लेकर नागरिकों और पीड़ित परिजनों ने न्याय एवं उचित मुआवजे की मांग को लेकर 20 जुलाई को टिब्बी थाने के घेराव का ऐलान किया है। शुक्रवार को टिब्बी कस्बे के श्री गुरुद्वारा साहिब में युवा नेता महंगा सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर रणनीति बनाई गई।  आरोप है कि एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में दर्ज मामले की जांच के दौरान मुख्य आरोपितों को बचाने का प्रयास किया गया है।

युवा नेता महंगा सिंह ने बताया कि घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया था। उस दौरान प्रशासन ने निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया था। उनका आरोप है कि अब जांच में मुख्य नामजद आरोपितों के नाम हटाकर मजदूरों के नाम जोड़ दिए गए हैं, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो 20 जुलाई से टिब्बी थाने के समक्ष बेमियादी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं मामले की जांच कर रहे संगरिया वृताधिकारी  रमेशचंद्र माचरा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन मौके पर पराली जलाने वाले मजदूरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर चालान किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर जांच में पाया गया कि एफआईआर में नामजद लोगों की घटना के समय मौके पर मौजूदगी नहीं थी, जबकि एक नामजद व्यक्ति पुलिस के पहुंचने के बाद वहां आया था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने निष्पक्ष और साक्ष्य आधारित जांच की है तथा किसी भी आरोपी को बचाने का सवाल ही नहीं उठता।

गौरतलब है कि 13 मई को चक 2 आरके की ढाणी में आग लगने से तीन महिलाएं झुलस गई थीं और कई मवेशी भी आग की चपेट में आ गए थे। इस दौरान महंगा सिंह, प्यारा सिंह, बलराम सहारण, मदन टांडी, विरेंद्र बैनिवाल, मखन सिंह, गुरदीप सिंह चट्ठा, रामचंद्र सोलडा, महेंद्र सामरिया, पवन कुमार, पप्पू मेघवाल, सुखदेव सिंह, मोहर सिंह, देवीलाल मेघवाल, भूप सिंह मेघवाल, बोहड़ सिंह, अमनदीप कौर, निम्मा चट्ठा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यह था मामला

राठीखेड़ा ग्राम पंचायत के चक 2 आरके की ढाणी निवासी गायत्री देवी पत्नी प्रेम कुमार मेघवाल ने 14 मई 2026 को टिब्बी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 13 मई की शाम करीब 6 बजे पड़ोसी खेत में ठेके पर खेती कर रहे हरविंद्र सिंह और हरबंस सिंह गेहूं की कटाई के बाद खेत में पड़े सूखे कचरे में आग लगाने पहुंचे। प्रार्थियों ने मौसम खराब होने और तेज हवा चलने की आशंका जताते हुए आग नहीं लगाने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इसके बाद कथित रूप से खेत में आग लगा दी, जो तेज आंधी के कारण फैलकर पीड़ित परिवार की ढाणियों तक पहुंच गई।

आग की चपेट में आने से पुष्पा और बिमला गंभीर रूप से झुलस गईं, कई मवेशी जल गए तथा मकान और घरेलू सामान भी आग में राख हो गए। सूचना पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता की रिपोर्ट पर टिब्बी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच संगरिया वृताधिकारी  रमेशचंद्र माचरा को सौंपी थी।

Tibbi News

About The Author

Related Posts