Rajasthan Roadways: रोडवेज परिचालक से मारपीट, टिकट मशीन से 3 हजार रुपए लूटने का आरोप
निजी बस चालक, परिचालक व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। जिले के पल्लू बस स्टैंड पर रोडवेज बस के परिचालक के साथ मारपीट कर टिकट मशीन के कवर से 3 हजार रुपए निकालकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पल्लू थाना पुलिस ने निजी बस के चालक, परिचालक एवं अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Rajasthan Roadways
पुलिस के अनुसार, राजस्थान पथ परिवहन निगम (रोडवेज) हनुमानगढ़ डिपो के परिचालक योगेश कुमार (22) पुत्र राजेन्द्र प्रसाद मेघवाल निवासी कटराथल जिला सीकर, चालक रमेश सिंह पुत्र थानसिंह निवासी जण्डावाली के साथ पल्लू थाने पहुंचे और लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि 9 जुलाई को शाम करीब 4.40 बजे रोडवेज बस संख्या आरजे 14 ईएफ 5066 पल्लू बस स्टैंड पहुंची। उस समय निजी बस संख्या आरजे 10 पीई 9177 भी बस स्टैंड पर खड़ी थी, जिसका निर्धारित प्रस्थान समय भी शाम 4.40 बजे था। आरोप है कि निर्धारित समय होने के बावजूद निजी बस को रवाना नहीं किया जा रहा था।
परिचालक योगेश कुमार के अनुसार, जब उन्होंने निजी बस के कर्मचारियों से बस रवाना करने के लिए कहा तो बस के चालक करण स्वामी उर्फ कालू, परिचालक सूर्या भाटी तथा उनके साथ मौजूद 2-3 अन्य व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मारपीट के दौरान टिकट काटने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन नीचे गिरा दी गई और उसके कवर में रखे 3 हजार रुपए निकालकर आरोपी मौके से फरार हो गए। पल्लू थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई हेमराज को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Rajasthan Roadways