Stray Dogs Menace: आवारा कुत्तों के आतंक से सहमे शहरवासी, रोजाना 20-25 लोग हो रहे शिकार
बढ़ती घटनाओं को लेकर नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से की प्रभावी कार्रवाई की मांग
Stray Dogs Menace: हनुमानगढ़। शहर की गली-मोहल्लों में घूम रहे आवारा कुत्तों के कारण लोगों में भय का माहौल है। कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं को लेकर नागरिकों ने नगर परिषद प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। टाउन निवासी अमजद खान प्रधान ने बताया कि मजदूरी करने वाले वरदान मलिक दोपहर भोजन करने के लिए घर जा रहे थे। गुड़ मंडी के पास पहुंचने पर एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दोनों पैरों पर काट लिया। Hanumangarh News
उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं रोजाना सामने आ रही हैं और अब स्थिति लोगों की सहनशक्ति से बाहर होती जा रही है। अमजद खान ने दावा किया कि राजकीय जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में प्रतिदिन कुत्तों के काटने के 20 से 25 मामले पहुंच रहे हैं। कई बार यह संख्या 50 से भी अधिक हो जाती है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद नगर परिषद प्रशासन की ओर से आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
नगर परिषद में कई बार शिकायतें करने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में कुत्ते के काटने के बाद एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से बीकानेर रेफर किया गया। उनका कहना है कि कुत्तों के काटने से रैबीज जैसे गंभीर संक्रमण का खतरा बना रहता है। अमजद खान ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की कि शहर में घूम रहे आवारा कुत्तों को शीघ्र पकड़कर लोगों को उनके आतंक से राहत दिलाई जाए। Hanumangarh News