Drugs Smuggler Arrested: चिट्टा व डोडा पोस्त के साथ दो गिरफ्तार
थाने के सामने देर रात जांच के दौरान हुई कार्रवाई
हनुमानगढ़। पल्लू थाना पुलिस ने मादक पदार्थांे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 5.82 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 180 नशीले कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, पल्लू थाना प्रभारी सुरेश मील के नेतृत्व में पुलिस टीम गुरुवार देर रात थाने के सामने नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पैदल जा रहे एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवक की पहचान पवन कुमार (24) पुत्र जगदीश कुम्हार निवासी बांगासर पीएस पल्लू के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 5.82 ग्राम चिट्टट्टा (हेरोइन) तथा प्रेगाबलिन के 10 पत्तों में कुल 180 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मादक पदार्थ और नशीले कैप्सूल जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच रावतसर थाना प्रभारी ईश्वरानन्द कर रहे हैं।
10.8 किलो डोडा पोस्त के साथ युवक गिरफ्तार
हनुमानगढ़। नोहर थाना पुलिस ने मादक पदार्थांे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, नोहर थाना के उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ गुरुवार शाम को गश्त पर थे। इस दौरान नोहर-बड़बिराना रोड स्थित रोही बड़बिराना में कार्रवाई करते हुए एक युवक के कब्जे से 10 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से राजेन्द्र कुमार (33) पुत्र श्रवण कुमार छिम्पा निवासी वार्ड नंबर 11, बड़बिराना को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार मामले की जांच नहरी पानी सुरक्षा एवं चोरी निरोधक थाना, नोहर के प्रभारी उपनिरीक्षक हनुमान प्रसाद मीणा को सौंपी गई है।