बालाजी मंदिर से आभूषण-नकदी चोरी का खुलासा, 24 घंटे में तीन आरोपियों को दबोचा
गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज, पूछताछ जारी
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना पुलिस ने धार्मिक स्थल से आभूषण एवं नकदी चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि 2 जुलाई को रमन पूनिया (31) पुत्र घनश्याम पूनिया निवासी वार्ड नंबर 5, चक 6 केएसपी, पंचायत 4 केएसपी ने टिब्बी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। Hanumangarh News
रिपोर्ट में परिवादी ने बताया कि चक 4 केएसपी स्थित श्री इच्छापूर्ण बालाजी धाम मंदिर की देखरेख और रखरखाव का कार्य वह करता है। रिपोर्ट के अनुसार 1 जुलाई को अल सुबह करीब 4.30 बजे मंदिर के पुजारी पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर और दानपात्र के ताले टूटे मिले। सूचना मिलने पर रमन पूनिया सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में तीन युवक मंदिर के ताले तोड़कर चोरी करते हुए दिखाई दिए, वहीं एक मोटर साइकिल संख्या पीबी 55 ई 6448 भी नजर आई।
परिवादी के अनुसार मंदिर का सामान जांचने पर करीब सवा किलो चांदी के सात छोटे एवं एक बड़ा छत्र गायब मिले। इसके अलावा दानपात्र में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाई गई करीब 25 हजार रुपए की नकदी भी चोरी हो चुकी थी। आरोप है कि बदमाश मंदिर में लगे पीओवी बॉक्स भी अपने साथ ले गए। रमन पूनिया ने रिपोर्ट में बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान अब्दुल खालिद उर्फ लाला पुत्र लियाकत अली, नूरनवी पुत्र या अली तथा अर्जुन पुत्र सुभाष नायक निवासी कमरानी, के रूप में हुई है। Hanumangarh News
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि सकीना बीबी पत्नी लियाकत अली निवासी कमरानी, चोरी के सामान को छिपाने में सहयोग करती है तथा कथित गिरोह की सदस्य है। परिवादी ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं। रिपोर्ट के आधार पर टिब्बी थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी हंसराज लूणा के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक देवीलाल एवं टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुल खालिक उर्फ लाला (30) पुत्र लियाकत अली, नूरनबी (23) पुत्र या अली तथा अर्जुन (26) पुत्र सुभाष तीनों निवासी वार्ड नंबर 3, कमरानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब्दुल खालिक उर्फ लाला के खिलाफ पूर्व में चोरी का एक मामला हनुमानगढ़ टाउन थाने में दर्ज है। नूरनबी के विरुद्ध चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित चार मामले दर्ज हैं, जबकि अर्जुन के खिलाफ चोरी, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट एवं आर्म्स एक्ट सहित छह आपराधिक प्रकरण विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा मामले में अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक देवीलाल, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह तथा कांस्टेबल संदीप कुमार और पवन कुमार शामिल रहे। Hanumangarh News