Blood Donation Camp: जन्मदिन पर अनूठी पहल, लगा रक्तदान शिविर
डॉक्टर हेडगेवार रक्तदान समिति के तत्वावधान में आयोजित शिविर में युवाओं ने किया रक्तदान
Blood Donation Camp: हनुमानगढ़। डॉक्टर हेडगेवार रक्तदान समिति (Dr Hedgewar Blood Donation Committee) की ओर से शुक्रवार को जंक्शन स्थित फास्टट्रैक स्पोर्ट्स अकेडमी परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर फास्टट्रैक अकेडमी के सदस्य अंकुश सहारण के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। Hanumangarh News
शिविर में सहारण ब्लड बैंक की टीम ने रक्त का संग्रहण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजन समाज के लिए प्रेरणादायी होते हैं और समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित होते रहने चाहिए। उन्होंने कहा कि रक्तदान को महादान इसलिए कहा जाता है क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है।
स्वस्थ व्यक्ति की ओर से रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि निर्धारित समय के बाद शरीर स्वयं नए रक्त का निर्माण कर लेता है। इसलिए प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करना चाहिए। कुलदीप शर्मा ने युवाओं से आह्वान किया कि जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ या अन्य खुशी के अवसरों पर अनावश्यक खर्च करने के बजाय रक्तदान, पौधारोपण, जरूरतमंदों की सहायता तथा अन्य सामाजिक कार्यों में भागीदारी निभाएं।
इससे न केवल जरूरतमंदों को सहायता मिलेगी, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होगी। आयोजक फास्टट्रैक स्पोर्ट्स अकेडमी के संजय सहारण ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहित एवं समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा सके। Hanumangarh News