Hanumangarh News: पुलिस विभाग की तबादला सूची का दिलचस्प मामला, जयप्रकाश झाझड़िया की पोस्टिंग बनी चर्चा का विषय

एक सीआई...दो जिलों में थाना प्रभारी!

Published On

हनुमानगढ़। पुलिस विभाग की हालिया तबादला सूची में एक दिलचस्प मामला सामने आया है। पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश झाझड़िया का नाम दो अलग-अलग जिलों की पोस्टिंग सूची में आने से पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। जानकारी के अनुसार, बीकानेर रेंज आईजी की ओर से जारी स्थानांतरण सूची में जयप्रकाश झाझड़िया का तबादला चूरू जिले से हनुमानगढ़ किया गया था। उन्हें हनुमानगढ़ पुलिस अधीक्षक की ओर से शुक्रवार देर रात्रि को जारी तबादला आदेश में गोगामेड़ी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया। Hanumangarh News

वहीं, दूसरी ओर चूरू जिले के पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी थाना प्रभारियों की पोस्टिंग सूची में भी जयप्रकाश झाझड़िया का नाम शामिल करते हुए उन्हें डीएसटी प्रभारी के पद से दूधवाखारा थाना प्रभारी लगाने के आदेश जारी किए गए। दो अलग-अलग जिलों के आदेशों में एक ही अधिकारी का नाम सामने आने के बाद दोनों सूचियां सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। इसके बाद पुलिस विभाग के भीतर भी इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि सीआई जयप्रकाश झाझड़िया आखिर किस थाने में कार्यभार संभालेंगे, हनुमानगढ़ के गोगामेड़ी में या चूरू के दुदवा खारा में?

हालांकि, इस संबंध में विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह महज प्रशासनिक त्रुटि है या फिर बाद में जारी किसी आदेश के कारण ऐसी स्थिति बनी है। फिलहाल दोनों आदेशों ने पुलिस महकमे में कई सवाल खड़े कर दिए हैं और सभी की नजर विभाग के आधिकारिक स्पष्टीकरण पर टिकी हुई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts