NPPA New Drug Prices: 39 जरूरी दवाओं की कीमत तय: हाई BP, डायबिटीज, कैंसर और HIV की दवाएं होंगी किफायती, NPPA का बड़ा फैसला

39 जरूरी दवाओं की कीमत तय: हाई BP, डायबिटीज, कैंसर और HIV की दवाएं होंगी किफायती, NPPA का बड़ा फैसला

Published On

NPPA New Drug Prices:देशभर के मरीजों को दवाओं की मनमानी कीमतों से राहत देने के लिए नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने बड़ा कदम उठाया है। अथॉरिटी ने ड्रग्स (प्राइसेस कंट्रोल) ऑर्डर (DPCO) 2013 के तहत 39 नई दवाओं की खुदरा कीमत (Retail Price) तय कर दी है। इनमें हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हृदय रोग, एचआईवी, आंखों के संक्रमण और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं।

8 जुलाई को जारी हुई अधिसूचना

फार्मास्युटिकल्स विभाग ने 8 जुलाई 2026 को यह मूल्य अधिसूचना जारी की। इसे डीपीसीओ 2013 के पैराग्राफ 5, 11 और 15 के तहत अधिसूचित किया गया है। हालांकि, यह आदेश बाजार में पहले से उपलब्ध दवाओं की कीमत घटाने के लिए नहीं, बल्कि नई दवा फॉर्मूलेशन की अधिकतम खुदरा कीमत तय करने के उद्देश्य से जारी किया गया है। इन कीमतों पर लागू जीएसटी अलग से लिया जाएगा।

इन जरूरी दवाओं की कीमतें हुईं तय

एनपीपीए द्वारा जारी सूची में कई महत्वपूर्ण दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत निर्धारित की गई है, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं—

  • Amlodipine + Bisoprolol + Telmisartan (हाई ब्लड प्रेशर) – 14.74 रुपये प्रति टैबलेट
  • Nepafenac + Moxifloxacin Ophthalmic Solution (आंखों के संक्रमण और सर्जरी के बाद) – 68.64 रुपये प्रति मिलीलीटर
  • Clopidogrel + Aspirin + Atorvastatin (हार्ट अटैक और स्ट्रोक का जोखिम कम करने के लिए) – 6.37 रुपये प्रति कैप्सूल

इसके अलावा डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल होने वाली Dapagliflozin, Empagliflozin, Sitagliptin, Metformin, Glimepiride और Voglibose आधारित कई फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन दवाओं की कीमतें भी तय की गई हैं।

इन बीमारियों की दवाएं भी सूची में शामिल

एनपीपीए की सूची में संक्रमण, ग्लूकोमा, एचआईवी और कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं भी शामिल हैं। इनमें—

  • Amoxicillin + Clavulanate टैबलेट और डिस्पर्सिबल टैबलेट
  • ग्लूकोमा के लिए आई ड्रॉप
  • एचआईवी थेरेपी किट
  • Vitamin D3 Oral Solution
  • Imatinib Oral Solution (कैंसर उपचार)

जैसी दवाओं की खुदरा कीमतें निर्धारित की गई हैं।

सबसे महंगी दवा की कीमत 60 हजार रुपये से अधिक

सूची में सबसे महंगी दवाओं में Tenecteplase (TNK-tPA) Injection 50 mg भी शामिल है, जिसका उपयोग हार्ट अटैक के इलाज में किया जाता है। इसकी खुदरा कीमत 60,238.27 रुपये प्रति वायल तय की गई है।

दुकानों पर प्राइस लिस्ट लगाना होगा अनिवार्य

एनपीपीए ने स्पष्ट किया है कि सभी रिटेलर और डीलरों के लिए निर्माता कंपनियों द्वारा जारी प्राइस लिस्ट और सप्लीमेंट्री प्राइस लिस्ट अपनी दुकान में ऐसी जगह प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा, जहां ग्राहक उसे आसानी से देख सकें।

यह व्यवस्था डीपीसीओ 2013 के पैरा 24(4) के तहत लागू की गई है।

तय कीमत से ज्यादा वसूली पर होगी कार्रवाई

एनपीपीए ने चेतावनी दी है कि यदि कोई निर्माता या मार्केटिंग कंपनी अधिसूचित खुदरा कीमत से अधिक राशि वसूलती है या निर्धारित मूल्य का पालन नहीं करती, तो उसे अधिक वसूली गई रकम ब्याज सहित सरकार के पास जमा करनी होगी। अथॉरिटी के अनुसार, ऐसे मामलों में डीपीसीओ 2013 और एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट, 1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Related Posts