शिक्षा और रोजगार
Attacked: 25-30 हथियारबंद बदमाशों ने खेत पर बोला धावा
फायरिंग कर फसल रौंदी, मकान में लगाई आग, युवक का अपहरण कर बेरहमी से पीटा
हनुमानगढ़। गोलूवाला थाना क्षेत्र में कृषि भूमि को लेकर विवाद के चलते हथियारबंद लोगों की ओर से खेत पर हमला, फायरिंग, मारपीट, आगजनी, अपहरण और लूटपाट का मामला सामने आया है। गोलूवाला थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर 10 नामजद तथा 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर निवासी गुरसेवक सिंह (35) पुत्र इकबाल सिंह ने गोलूवाला थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 15 बीघा कृषि भूमि चक 13 एमओडी ए में स्थित है। यह भूमि उसने अपनी बुआ सुखपाल कौर एवं जसपाल कौर से इकरारनामे के जरिए खरीदी थी, जिसका कब्जा उसके पास है। खेत की काश्त के लिए उसने सुरेश, अमनदीप, मनदीप और भूपेंद्र को रखा हुआ है, जो खेत पर बने मकान में रहकर खेती करते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार 19 जुलाई की रात करीब 11.30 बजे सात मोटर साइकिल, एक थार, एक स्कॉर्पियो और दो ट्रैक्टरों में सवार होकर गुरविंद्र सिंह पुत्र इकबाल सिंह, लखवीर सिंह पुत्र गुरविंद्र सिंह, रवि बराड़ पुत्र गुरलाल सिंह, कमलदीप मान, मनप्रीत सिंह बराड़, गुरलाल सिंह बराड़ निवासी अयालकी, दलजीत सिंह उर्फ सूबेदार निवासी डबलीराठान, छिन्दा निवासी लिखमीसर, प्रदीप पुत्र मुख्त्यार सिंह निवासी 46 जीबी विजयनगर, अमर सिंह पुत्र दरबारा सिंह तथा सुखप्रीत सिंह गिल निवासी 60 जीबी रामसिंहपुरा के अलावा 15-20 अन्य लोग हथियारों के साथ खेत में जबरन घुस आए। Hanumangarh News
हमलावरों के हाथों में पिस्तौल, गंडासी और लाठियां थीं। आरोपियों ने खेत पर मौजूद सुरेश, अमनदीप और मनदीप के साथ जान से मारने की नीयत से मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। इसके बाद ट्रैक्टरों से खेत में खड़ी फसल को रौंदकर नष्ट कर दिया गया। रवि बराड़, लखवीर सिंह, कमलदीप मान और छिन्दा ने पिस्तौल से फायरिंग की, जबकि अन्य लोगों ने खेत की तारबंदी और सीमेंट के पिलरों को तोड़ दिया। खेत पर बने मकान में रखे घरेलू सामान में आग लगा दी गई तथा वहां से गैस सिलेंडर, चूल्हा, तीन मोबाइल फोन और 12 हजार रुपए भी छीनकर ले गए। रिपोर्ट में बताया गया कि घटना की सूचना भूपेंद्र सिंह ने फोन पर दी। इसके बाद परिवादी 20 जुलाई को तड़के करीब 1.30 बजे खेत पर पहुंचा, जहां सुरेश और मनदीप घायल अवस्था में मिले, जबकि अमनदीप वहां नहीं था।
परिवादी के अनुसार काफी तलाश के बाद अमनदीप ने किसी राहगीर का मोबाइल फोन लेकर भूपेंद्र सिंह को फोन किया और बताया कि वह अमरसिंहवाला रोड पर है। वहां पहुंचने पर अमनदीप ने बताया कि हमलावर उसे थार गाड़ी में पिस्तौल की नोक पर अगवा कर अपनी ढाणी में ले गए, जहां उसे बांधकर मारपीट की गई। बाद में सुबह करीब 5 बजे उसे एक मारुति स्विफ्ट डिजायर कार में बैठाकर अमरसिंहवाला के पास सुनसान सड़क पर छोड़ दिया गया। इसके बाद उसे उपचार के लिए गोलूवाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिवादी ने पुलिस को यह भी बताया कि पूरी घटना और फायरिंग के वीडियो उसके पास मौजूद हैं। साथ ही खेत में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों के खेत में आते समय की फुटेज भी रिकॉर्ड हुई है, जबकि जाते समय आरोपियों ने कैमरे को तोड़ दिया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच एएसआई विजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। Hanumangarh News