शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज में आईक्यूएसी एवं शैक्षणिक समिति का पुनर्गठन
2026-27 को गुणवत्तापूर्ण संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया
गोलूवाला, (सच कहूँ/सुरेन्द्र)। शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज, श्रीगुरुसर मोड़िया में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के सफल संचालन एवं गुणवत्ता उन्नयन के उद्देश्य से आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) एवं शैक्षणिक समिति का पुनर्गठन किया गया। इसके उपरांत दोनों समितियों की प्रथम बैठक महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्राचार्या डॉ. नवजोत गिल ने की।
बैठक में आईक्यूएसी की समन्वयक गगनदीप कौर, शैक्षणिक समिति की संयोजिका गुरप्रीत कौर तथा समिति के सदस्य जसप्रीत कौर,ललिता एवं लाजवंती सहित अन्य संकाय सदस्यों ने भाग लिया। इस बैठक में शैक्षणिक कैलेंडर, कक्षा समय-सारिणी, बेल शेड्यूल, शिक्षण-अधिगम गतिविधियों के प्रभावी संचालन, पाठ्यक्रम की समयबद्ध पूर्णता तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित समीक्षा पर विस्तार से चर्चा की गई।
इन कार्यों संबंधी भी निर्णय लिए गए
इसके साथ ही एनएएसी के गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विभागीय अभिलेखों के संधारण, आवश्यक प्रलेखन, फीडबैक प्रणाली, अकादमिक आॅडिट, ब्रिज कोर्स, ओरिएंटेशन कार्यक्रम, रेमेडियल कक्षाओं तथा अन्य शैक्षणिक गुणवत्ता संवर्धन गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्णय लिया गया। प्राचार्या डॉ. नवजोत गिल ने कहा कि महाविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, अनुशासित वातावरण एवं सर्वांगीण विकास के अवसर प्रदान करना है।
उन्होंने सभी समिति सदस्यों से टीम भावना, नवाचार एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए महाविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं एनएएसी के मानकों के अनुरूप नई उपलब्धियों तक पहुँचाने का आह्वान किया। आईक्यूएसी समन्वयक गगनदीप कौर ने गुणवत्ता आश्वासन, नियमित प्रलेखन तथा सतत सुधार की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि शैक्षणिक समिति की संयोजिका गुरप्रीत कौर ने पूरे सत्र के लिए शैक्षणिक गतिविधियों को व्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से संचालित करने की कार्ययोजना प्रस्तुत की। बैठक का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सभी सदस्यों ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्र-केंद्रित गतिविधियों एवं संस्थागत उत्कृष्टता के लिए समर्पित भाव से संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।