कूड़े के डंप में लगी आग, सीएनजी कार जलकर स्वाहा

कूड़े के ढेर में लगी आग से CNG कार जलकर राख, बड़ा हादसा टला

Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेंद्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: ट्रांसपोर्ट नगर कट के सामने न्यू शिवाजी नगर स्थित गंदा नाला के पास रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। कूड़े के डंप में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाई गई आग धीरे-धीरे पास खड़ी एक सीएनजी मारुति अर्टिगा कार तक पहुंच गई। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कूड़े के ढेर में लगी आग तेजी से फैलती हुई पास खड़ी कार तक पहुंच गई। चूंकि कार सीएनजी थी, इसलिए आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रुप धारण कर लिया। कार से उठ रही लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर कई मीटर तक दिखाई दे रहा था, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोगों ने कार में आग लगती देख बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल विभाग की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसका अधिकांश हिस्सा राख में तबदील हो गया।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने कार में लगी भीषण आग का वीडियो भी बनाया, जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयावह थी कि कुछ समय के लिए आसपास के लोग दहशत में आ गए। कार के मालिक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि गंदा नाला के पास बने कूड़े के डंप को तत्काल हटाया जाए। उनका कहना है कि यहां रोजाना कूड़ा फेंका और जलाया जाता है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। 

Hathras-Car-Fire
सांकेतिक फोटो

About The Author

Related Posts