कौशल विकास से एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य होगा साकार : योगी

कौशल विकास से एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य होगा साकार : योगी

Published On

लखनऊ (एजेंसी)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि देश की सबसे बड़ी युवा शक्ति से समृद्ध उत्तर प्रदेश कौशल विकास के माध्यम से न केवल विकसित प्रदेश के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करेगा, बल्कि एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे कम से कम एक कौशल अवश्य सीखें और प्रदेश तथा समाज की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले नौ वर्षों में पारंपरिक कौशल और आधुनिक तकनीक के समन्वय पर विशेष बल दिया है। इसी का परिणाम है कि उत्तर प्रदेश आज ‘स्किल स्टेट’ के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसे आधुनिक क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और निवेश तथा रोजगार के नए अवसरों का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। योगी ने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त साधन भी है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप किसी न किसी कौशल में दक्षता हासिल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन कर रही है। इन प्रयासों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को आधुनिक उद्योगों और बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कौशल आत्मनिर्भरता का आधार, आत्मसम्मान का संबल और विकास के पथ पर अग्रसर किसी भी राज्य की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश का युवा वर्ग अपनी प्रतिभा, परिश्रम और कौशल के बल पर उत्तर प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा तथा विकसित भारत के निर्माण में भी अपनी प्रभावी भूमिका निभाएगा।

About The Author

Related Posts