मानसून सत्र में राम मंदिर चंदा चोरी, पेपर लीक और एथेनॉल मुद्दे पर सरकार को घेरेगा इंडिया गठबंधन: खरगे
मानसून सत्र में राम मंदिर चंदा चोरी, पेपर लीक और एथेनॉल मुद्दे पर सरकार को घेरेगा इंडिया गठबंधन: खरगे
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को कहा कि मानसून सत्र में इंडिया गठबंधन राम मंदिर चंदा चोरी, पेपर लीक और एथेनॉल मुद्दे पर सरकार को घेरेगा।
संसद के मानसून सत्र की शुरूआत से पहले आज संसद भवन में इंडिया गठबंधन के नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद खरगे ने कहा कि कांग्रेस और पूरा विपक्ष मानसून सत्र में जनता की आवाज बनकर मोदी सरकार से हर सवाल का जवाब मांगेगा और जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय करेगा।
श्री खरगे ने कहा कि विपक्ष संसद में श्रीराम मंदिर में कथित चंदा चोरी और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए करोड़ों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ योगदान दिया है, इसलिए इस पूरे मामले की तत्काल स्वतंत्र जांच कराई जाए और चंदे का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए।
उन्होंने कहा कि विपक्ष पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के कथित पतन का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाएगा। श्री खरगे ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से अब तक 152 पेपर लीक हो चुके हैं और इस कारण 25 छात्रों ने अपनी जान गंवाई है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग दोहराई।
कांग्रेस अध्यक्ष ने साढ़े तीन करोड़ वाहन मालिकों पर कथित रूप से जबरन एथेनॉल मिश्रण थोपने के मुद्दे को भी उठाते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं इसे ‘एक्सपेरिमेंट बता रही है और सवाल उठाया कि क्या जनता की गाढ़ी कमाई पर बोझ डालना ही भाजपा की नीति बन गई है।
खरगे ने कहा कि इन मुद्दों के अलावा विपक्ष संसद में अन्य जनहित के मुद्दों और सरकार द्वारा लाए जाने वाले विधेयकों पर भी सरकार से जवाब मांगेगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन जनता के अधिकार, जनता की आवाज और जनता के विश्वास की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगा। उल्लेखनीय है कि पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन लगातार जारी है और विपक्ष इस मुद्दे को संसद के अंदर भी प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।