Gurugram News: दोस्ती की आड़ में हत्या, युवक को कार में मारी गोली
फरीदाबाद से गिरफ्तार हुआ आरोपी, दो दिन के रिमांड पर
गुरुग्राम, (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की कार में गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्की भाटी (23) निवासी गांव बहरामपुर को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। Gurugram News
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को बदरपुर (दिल्ली) निवासी 27 वर्षीय आकाश अपने दोस्त लक्की से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। बाद में गोली लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई की शिकायत पर सेक्टर-65 थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया। जांच अपराध शाखा सेक्टर-31 को सौंपी गई, जिसने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी और आकाश की कई वर्षों से दोस्ती थी।
वारदात के दिन दोनों कार में साथ थे, तभी उसने गोली चलाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, हत्या में आरोपी ने अपने पिता के लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल किया, जिसे वह घर से लेकर आया था। हथियार बरामद कर लिया गया है। फिलहाल हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। Gurugram News