Barmer News: नकली घी का खेल, बाड़मेर में 870 किलो मिलावटी घी जब्त
डीएसटी और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, दो हिरासत में
बाड़मेर, 19 जुलाई (सच कहूँ न्यूज)। जिले में ड्रग्स फैक्ट्री की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) को एक मकान में संचालित मिलावटी घी बनाने की फैक्ट्री का खुलासा हुआ। सदर थाना क्षेत्र के सूरमल नगर रिंग रोड स्थित परिसर से पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने 870 किलो तैयार संदिग्ध घी के साथ बड़ी मात्रा में पाम ऑयल, सोयाबीन तेल, रिफाइंड तेल और अन्य कच्चा माल बरामद किया। मामले में फैक्ट्री संचालक जितेंद्र जैन और तिलोक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। Barmer News
डीएसटी को सूचना मिली थी कि मकान में अवैध रूप से ड्रग्स बनाई जा रही है। तलाशी के दौरान वहां घी बनाने और पैकिंग की मशीनें, तैयार उत्पाद और बड़ी संख्या में कार्टन मिले। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि क्रीम से घी तैयार करने के बाद उसमें 30 से 35 प्रतिशत तक पाम ऑयल और अन्य सामग्री मिलाकर उसे असली घी जैसा स्वरूप दिया जाता था। इसके बाद पैकिंग कर करीब 650 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बाजार में बेचा जाता था।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार मौके से 870 किलो तैयार संदिग्ध घी, 1,660 किलो पाम ऑयल, 360 किलो सोयाबीन तेल, 240 किलो रिफाइंड तेल, 75 किलो घी तथा करीब 370 किलो वनस्पति सामग्री बरामद की गई। श्री शिव गौरी ब्रांड के पैक कार्टन और लाइसेंस संबंधी दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस जांच कर रही है कि फैक्ट्री से अब तक कितना मिलावटी घी बाजार में पहुंचा और इस कारोबार में और कौन-कौन शामिल है। खाद्य जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Barmer News