शिक्षा और रोजगार
Roof Collapsed: छत गिरने से कमरे में सो रहे मां-बेटे की मौत, दो बेटियाँ गंभीर घायल
गरीबी से जूझ रहा परिवार जर्जर मकान में कर रहा था गुजारा
तलवंडी साबो (सच कहूँ/कमलप्रीत सिंह)। Talwandi Sabo News: तलवंडी साबो के वार्ड नंबर-13 में नगर परिषद के सीवरेज विभाग में कार्यरत एक गरीब कर्मचारी के मकान की बीती रात छत गिर गई। हादसे के समय कमरे में सो रही उसकी पत्नी और पुत्र की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियाँ गंभीर रूप से घायल हो गर्इं। दोनों को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद के सीवरेज विभाग में कार्यरत धर्म सिंह उर्फ काला का परिवार घर के एक कमरे में सो रहा था। रात करीब 11 बजे अचानक मकान की छत गिर गई। मलबे के नीचे दबने से उनकी पत्नी वीरपाल कौर (40) तथा पुत्र अर्शदीप सिंह (14) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस दौरान उनकी दोनों बेटियाँ सनमप्रीत कौर और खुशप्रीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गर्इं। उन्हें पहले तलवंडी साबो के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद एम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबे परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। इस हृदयविदारक घटना पर नगर परिषद अध्यक्ष कुलवीर कौर सरां के पुत्र हरजीत सिंह सरां सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने परिवार के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया। इस घटना से पूरे शहर में शोक का माहौल है। इस मौके शहर के समाजसेवियों ने पंजाब सरकार, जिला प्रशासन तथा समाजसेवी संस्थाओं से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।