Bribe: जेई और बेलदार 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सीबी की ट्रैप कार्रवाई में दोनों आरोपी रंगे हाथ दबोचे

Published On

यमुनानगर (सच कहूँ/लाजपत राय)। Yamunanagar News: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग, यमुनानगर के जूनियर इंजीनियर (जेई) सौरभ कुमार और विभाग के बेलदार करमजीत को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एसवी एंड एसीबी थाना पंचकूला में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता, जो सिंचाई विभाग में ठेकेदार है, ने ब्यूरो को बताया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद उसके लंबित बिलों का भुगतान जान-बूझकर रोका जा रहा था। आरोप है कि जेई सौरभ कुमार ने बिल जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने फोन पर स्वयं तथा वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर भी रिश्वत की मांग की और राशि लेने के लिए विभाग के बेलदार करमजीत को भेजा।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने 45 हजार रुपये की रिश्वत बेलदार करमजीत को दी। करमजीत ने यह राशि जेई सौरभ कुमार को सौंप दी। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही एसीबी टीम ने दोनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो मामले की आगे की जांच कर रहा है।

Yamunanagar News
Yamunanagar News

About The Author

Related Posts