शिक्षा और रोजगार
Bribe: विजिलेंस ब्यूरो ने की कार्रवाई, रिश्वत लेता एएसआई रंगे हाथ गिरफ्तार
संगरूर में एएसआई रिश्वत लेते पकड़ा गया
संगरूर (सच कहूँ/गुरप्रीत सिंह/नरेश कुमार)। Sangrur News: पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महिला थाना, पुलिस लाइंस, संगरूर में तैनात एएसआई (लोकल रैंक) कमलजीत सिंह को 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को भवानीगढ़, जिला संगरूर निवासी एक व्यक्ति द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता का अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते उसकी पत्नी अलग रह रही थी। बाद में उसकी पत्नी ने महिला थाना, संगरूर में शिकायतकर्ता, उसके पिता और उसके भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी।
इस मामले की जांच एएसआई कमलजीत सिंह कर रहा था। आरोप है कि उसने इस मामले का चालान सक्षम अदालत में पेश करने के एवज में शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता आरोपी एएसआई को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 3,000 रुपये पहले ही दे चुका था तथा शेष 7,000 रुपये बाद में देने का आश्वासन दिया था। शेष रिश्वत राशि देने के लिए तैयार न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज, पटियाला से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी एएसआई को शिकायतकर्ता से 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना, पटियाला में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
