गुरुग्राम में गश्त के दौरान हादसा: टैंकर से टकराई पुलिस ईआरवी, दो जवानों की मौत

एक कॉन्स्टेबल गंभीर घायल, टैंकर चालक पर मामला दर्ज

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: फर्रुखनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) पानी के टैंकर से टकरा गई। भीषण हादसे में दो हेड कॉन्स्टेबल की मौत हो गई, जबकि एक कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना खेड़ा खुर्रमपुर गांव के पास सवेरा कॉलेज के निकट हुई।

जानकारी के अनुसार रात करीब 11 बजे ईआरवी-254 हरिनगर डूमा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान कंट्रोल रूम से फर्रुखनगर में झगड़े की सूचना मिलने पर हेड कॉन्स्टेबल छोटेलाल, हेड कॉन्स्टेबल अनिल और कॉन्स्टेबल धर्मेंद्र मौके के लिए रवाना हुए। रास्ते में उनकी ईआरवी पीछे से सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और तीनों पुलिसकर्मी उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां छोटेलाल और अनिल को मृत घोषित कर दिया गया। घायल धर्मेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार टैंकर पर न तो लाइट जल रही थी और न ही कोई रिफ्लेक्टर लगा था, जिससे पीछे से आ रही ईआरवी को वह दिखाई नहीं दिया। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को दोनों मृतक पुलिसकर्मियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Gurugram News

About The Author

Related Posts