3 पिस्टल, 760 ग्राम हेरोइन व ढाई लाख की ड्रग मनी बरामद, 6 आरोपी किए गिरफ्तार
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया खुलासा
फाजिल्का (सच कहूँ/रजनीश रवि)। Fazilka News: जिले में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी गगन अजीत सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि थाना सिटी जलालाबाद पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, छह मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक खाली खोल, दो धारदार हथियार, 760 ग्राम हेरोइन तथा 2.50 लाख रुपए की ड्रग मनी बरामद की है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।
एसएसपी गगन अजीत सिंह ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को इंस्पेक्टर सचिन के नेतृत्व में थाना सिटी जलालाबाद पुलिस की टीम गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि गांव टिवाना कलां के पास बंद पड़े शेलर के ग्राउंड में कुछ युवक अवैध हथियारों के साथ इकट्ठा होकर लूट अथवा अन्य गंभीर अपराध की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी की और एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान एक अन्य आरोपी को भी नामजद कर गिरफ्तार किया गया।
एसएसपी ने बताया कि बरामदगी में 3 अवैध पिस्टल, 6 मैगजीन, 4 जिंदा कारतूस, 1 खाली खोल, 2 धारदार हथियार, 760 ग्राम हेरोइन और 2.50 लाख रुपए की ड्रग मनी शामिल है।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमन कुमार उर्फ अमना के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं। वहीं नामजद आरोपी साजन सिंह के खिलाफ चोरी, डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट सहित सात मामले दर्ज हैं तथा वह फिलहाल फरीदकोट जेल में बंद है। उन्होंने बताया कि इस मामले में परमजीत सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
