वीबी-जी रामजी योजना में रोजगार और पीएम आवास योजना की मांग को लेकर टिब्बी पंचायत समिति के समक्ष खेत मजदूरों का प्रदर्शन, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

वीबी-जी रामजी योजना में रोजगार और पीएम आवास योजना की मांग को लेकर टिब्बी पंचायत समिति के समक्ष खेत मजदूरों का प्रदर्शन, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

Published On
Tibbi
Tibbi: वीबी-जी रामजी योजना में रोजगार और पीएम आवास योजना की मांग को लेकर टिब्बी पंचायत समिति के समक्ष खेत मजदूरों का प्रदर्शन, अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

टिब्बी : (सच कहूं/अंकित वधवा) अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले गुरुवार को विभिन्न जनहित मांगों को लेकर पंचायत समिति कार्यालय टिब्बी के समक्ष प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे खेत मजदूरों और ग्रामीणों ने वीबी-जी रामजी योजना में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों को लाभ दिलाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

 प्रदर्शन के बाद यूनियन पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद हनुमानगढ़ के नाम बीडीओ राधाकृष्ण एवं नगर पालिका ईओ सुनील कुमार सैनी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि तहसील टिब्बी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत पर्याप्त एवं नियमित कार्य नहीं मिलने से हजारों खेत मजदूर और ग्रामीण श्रमिक बेरोजगारी तथा आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। ऐसे में वीबी-जी रामजी योजना के तहत तत्काल स्थायी एवं पर्याप्त कार्य शुरू कर सभी पंजीकृत एवं इच्छुक श्रमिकों को नियमित रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

ज्ञापन में प्रधानमंत्री आवास योजना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। यूनियन ने मांग की कि योजना से वंचित सभी पात्र एवं गरीब परिवारों का पुनः सत्यापन कर उन्हें शीघ्र आवास स्वीकृत किया जाए। साथ ही टिब्बी नगर पालिका क्षेत्र के प्रधानमंत्री आवास योजना के 17 लाभार्थी परिवारों की लंबित राशि का तत्काल भुगतान किया जाए, ताकि वे अपने अधूरे मकानों का निर्माण पूरा कर सकें। यूनियन ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता देने की भी मांग की। साथ लाडो प्रोत्साहन योजना का का लंबे समय लाभ नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।

यूनियन के जिला अध्यक्ष कामरेड जगजीत सिंह जग्गी और तहसील अध्यक्ष कामरेड मुख्तियार सिंह ने कहा कि यदि इन जनहित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन ग्रामीण जनता के साथ व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन के दौरान बीडीओ राधाकृष्ण एवं नगर पालिका ईओ सुनील कुमार सैनी ने यूनियन प्रतिनिधियों से वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए  टिब्बी थानाधिकारी राकेश सांखला, संगरिया थानाधिकारी अमर सिंह के नेतृत्व में 
में पुलिस जाब्ता तैनात रहा।

इस मौके पर यूनियन के जिला अध्यक्ष कामरेड जगजीत सिंह जग्गी, तहसील अध्यक्ष कामरेड मुख्तियार सिंह, हाकम खां, शेर सिंह शाक्य, अमरजीत सिंह, सुशील कुमार, धर्मपाल, हिम्मत सिंह, गरजा सिंह, पवन कुमार, रामचंद्र, राजू बारूपाल, राजवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।


टिब्बी: पंचायत समिति के समक्ष प्रदर्शन करते हुए खेत मजदूर यूनियन के कार्यकर्ता व विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए पदाधिकारी।(प्रभु राम)

About The Author

Related Posts