पानी की बारी को लेकर खूनी विवाद, कस्सी से वार कर किसान का सिर फोड़ा

घायल किसान हनुमानगढ़ रेफर, दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Published On

हनुमानगढ़। जिले के रावतसर थाना क्षेत्र के न्योलखी गांव में सिंचाई के पानी की बारी को लेकर हुए विवाद में एक किसान पर कस्सी से हमला करने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल किसान को पहले रावतसर के सरकारी अस्पताल और बाद में हनुमानगढ़ रेफर किया गया। रावतसर थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार अनिल कुमार (30) पुत्र सुल्तान जाट निवासी न्योलखी ने रावतसर थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि 17 जुलाई की रात वह अपने साथी महेन्द्र तथा ताऊ रायसिंह के साथ चक 10 केकेएम स्थित साझा कृषि भूमि में निर्धारित पानी की बारी के दौरान सिंचाई कर रहे थे। रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 1.25 बजे पड़ोसी श्रवण पुत्र मुखराम और अनिल पुत्र श्रवण, दोनों निवासी न्योलखी, मौके पर पहुंचे और जबरन खाले का पानी तोड़ने लगे।

इस पर रायसिंह ने उन्हें कहा कि अभी उनकी पानी की बारी चल रही है और अपनी बारी आने पर पानी ले लें। आरोप है कि इस बात पर दोनों आरोपी तैश में आ गए और जबरन पानी मोड़ दिया। विरोध करने पर श्रवण ने कस्सी से रायसिंह के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। Hanumangarh News

रिपोर्ट में बताया गया है कि रायसिंह के शोर मचाने पर अनिल कुमार और महेन्द्र मौके पर पहुंचे। दोनों को आते देख आरोपी वहां से चले गए। जाते समय उन्होंने कथित रूप से धमकी दी कि वे आगे भी इसी तरह मारपीट कर जबरन पानी लगाते रहेंगे। घटना के बाद गांव से वाहन मंगवाकर घायल रायसिंह को पहले रावतसर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हनुमानगढ़ के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

रावतसर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर श्रवण पुत्र मुखराम एवं अनिल पुत्र श्रवण के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई शंभूदयाल को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts