दो पक्षों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला समेत कई लोगों से मारपीट, 13 नामजद सहित कई पर मामला दर्ज

दो पक्षों के विवाद के बाद जमकर मारपीट, घर पर पथराव और मोबाइल फोन तोड़ने के आरोप

Published On

हनुमानगढ़, (सच कहूँ ) तलवाड़ा झील थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पक्ष ने महिला समेत परिवार के कई सदस्यों के साथ मारपीट, हथियारों से हमला, मकान में पथराव, मोबाइल फोन तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 3, तलवाड़ा झील निवासी मोहित (20) पुत्र पप्पू सिंह सिकलीगर ने थाने में टाइपशुदा रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया कि 18 जुलाई की रात करीब 9.20 बजे उसका भाई लवली और रोहित पुत्र गुरलेख सिंह के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसकी माता सपना अपने बेटे को छुड़ाने के लिए मौके पर पहुंची।

वहां मौजूद चीना कौर पत्नी नेता, नेता पुत्र हरनेक सिंह, छिन्दू सिंह पुत्र नेता सिंह, नेपाल सिंह पुत्र गोविंद सिंह, सचिन पुत्र नेपाल सिंह, सुखा सिंह पुत्र गोविंद सिंह, गुरलेख सिंह पुत्र गोविंद सिंह, रोहित पुत्र गुरलेख सिंह, राहुल पुत्र गुरलेख सिंह, सचिन पुत्र सुखदेव सिंह, रीना पत्नी निक्कू सिंह, विक्की पुत्र निक्कू सिंह तथा तकदीर कौर पत्नी गुरलेख सिंह सहित अन्य लोगों ने एक राय होकर सपना के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चीना कौर ने सपना को पकड़ लिया, जबकि नेता के हाथ में बरछा, छिन्दू सिंह के हाथ में कापा तथा नेपाल सिंह के हाथ में डंडा था। नेपाल सिंह ने सपना के सिर पर डंडे से वार किया। मारपीट के दौरान सपना के कानों के टॉप्स, बालियां और नोजपिन भी मौके पर गिर गए। शोर सुनकर संदीप सिंह पुत्र कुलदीप सिंह, लवली, राहुल और मोहित मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव का प्रयास किया।

इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। संदीप सिंह के चेहरे पर हमला कर उसके सभी दांत तोड़ दिए गए। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन भी तोड़ दिए। इसके बाद सभी आरोपी मकानों की छतों पर चढ़ गए और कुलदीप सिंह के घर पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे मकान को भारी नुकसान पहुंचा। साथ ही सपना की माता गुलाबों के नोहरे का शेड भी तोड़ दिया गया।

परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी शराब के नशे में थे और जाते-जाते परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए, जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल है। तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई रामस्वरूप को सौंपी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

About The Author

Related Posts