शिक्षा और रोजगार
नेहरू मेमोरियल चिल्ड्रन स्कूल पार्क की बदहाल स्थिति, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
कूड़े के ढेर, जली घास और धुएं से परेशान मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिक
हनुमानगढ़। टाउन शहर के हृदय स्थल सुभाष चौक के नजदीक स्थित नेहरू मेमोरियल चिल्ड्रन स्कूल पार्क (Nehru Memorial Children's School Park.) की सफाई व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमराई हुई है। नगर परिषद की ओर से पार्क में माली एवं सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के बावजूद नियमित सफाई नहीं होने से पार्क की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। Hanumangarh News
जगह-जगह कूड़े-कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे पार्क की सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन सुबह सैर और योग के लिए आने वाले बुजुर्गांे, महिलाओं और युवाओं ने नगर परिषद की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि क्षेत्र के सफाई निरीक्षक को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
नागरिकों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी कचरा उठाने के बजाय उसी में आग लगा देते हैं, जिससे पूरे पार्क में धुआं फैल जाता है। आग लगने से पार्क की हरी-भरी घास भी जल चुकी है, जिससे पार्क की हरियाली को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क शहर की प्रमुख सार्वजनिक धरोहर है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग स्वास्थ्य लाभ के लिए आते हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था की अनदेखी नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।
नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों से पार्क की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराने तथा लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय नागरिक सुंदर बंसल, राजेंद्र बंसल, अखिलेश कौशिक, भजनलाल बंसल, हरीश शर्मा, मंगत राय मुंडेवाला, धनराज मोदी, ओमप्रकाश सारड़ा, रमन सरसेवाला, पुरुषोत्तम बोहरा, सुरेश शर्मा आदि वरिष्ठ जनों ने नगर परिषद आयुक्त और प्रशासक एडीएम उम्मेदीलाल मीणा से कार्रवाई कर पार्क का सुधार और सफाई कार्य करवाने की मांग की है। Hanumangarh News