शिक्षा और रोजगार
Rajasthan Crime: रास्ता रोककर लाठी से हमला, नकदी-मोबाइल फोन छीनने का आरोप
गंभीर घायल युवक अस्पताल में भर्ती, एक नामजद सहित दो के खिलाफ मुकदमा
हनुमानगढ़। पीरकामड़िया से मसानी लौट रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट और लूट के मामले में टिब्बी थाना पुलिस ने एक नामजद तथा एक अन्य युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
एफआईआर के अनुसार मसानी के वार्ड नंबर 3 निवासी बसीर खान (58) पुत्र वली मोहम्मद ने रिपोर्ट दी कि उसका पुत्र लियाकत अली 11 जुलाई की शाम करीब 7 बजे पीरकामड़िया से मसानी लौट रहा था। घग्घर नदी के पटड़े के पास पीछे से मोटर साइकिल पर आए जीरू खान पुत्र सफी मोहम्मद निवासी पीरकामड़िया तथा उसके साथ एक अन्य युवक ने रास्ता रोक लिया। दोनों आरोपितों ने लाठियों से लियाकत अली पर हमला कर दिया, जिससे उसके सिर, हाथ, पैर सहित पूरे शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के समय लियाकत अली की अपने जीजा अल्लाबक्श से फोन पर बात चल रही थी, जिससे घटना की जानकारी परिवार को मिल गई। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर दोनों आरोपित वहां से फरार हो गए। परिजनों ने घायल लियाकत अली को संभाला तो वह बेहोश मिला। रिपोर्ट के अनुसार उसकी जेब से 7500 रुपए नकद और मोबाइल फोन भी गायब थे, जिन्हें आरोपित अपने साथ ले गए। घायल लियाकत अली का सरकारी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने बसीर खान की रिपोर्ट पर जीरू खान तथा एक अन्य युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई बूटा सिंह को सौंपी है। Hanumangarh News