शिक्षा और रोजगार
Fraud Alert: स्पेन में नौकरी का सपना दिखाकर 5 लाख की ठगी!
कोर्ट के आदेश पर चार के खिलाफ कबूतरबाजी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज
हनुमानगढ़। स्पेन में होटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपए की कथित ठगी और टूरिस्ट वीजा पर मॉरिशस भेजने के मामले में भादरा न्यायालय के आदेश पर भादरा थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार भादरा के वार्ड नंबर 1 निवासी सुदाम (34) पुत्र कासम अली ने न्यायालय में दायर इस्तगासे में आरोप लगाया कि दीपलाना निवासी सलीम उसे सिरसा ले गया, जहां अजय पुत्र कृष्ण निवासी खारिया भट्टू, संदीप पुत्र मदनलाल, विवेक पुत्र सुरेंद्र निवासी भरोखा, सिरसा तथा गुरलाल निवासी सिरसा से मुलाकात करवाई गई। Hanumangarh News
आरोपितों ने स्पेन में होटल में वेटर की नौकरी, 50 से 70 हजार रुपए मासिक वेतन, कंपनी की ओर से रहने-खाने की सुविधा और दो वर्ष के वर्क वीजा का भरोसा देकर कुल खर्च 4.20 लाख रुपए बताया। परिवाद के अनुसार 17 मार्च 2026 को चारों आरोपित भादरा स्थित उसके घर पहुंचे और पासपोर्ट व अन्य दस्तावेज लेने के साथ 1.20 लाख रुपए फोन-पे के माध्यम से ले लिए। इसके बाद 22 मार्च को सिरसा बुलाकर कई खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए। 23 मार्च को आरोपित उसे दिल्ली होते हुए मुंबई ले गए, जहां से 25 मार्च को दुबई के रास्ते मॉरिशस भेज दिया गया।
परिवादी के मॉरिशस पहुंचने के बाद आरोपितों ने उसके परिजनों पर शेष राशि देने का दबाव बनाया। 25 मार्च की रात परिवादी के रिश्तेदार नदीम से दीपलाना में तीन लाख रुपए नकद ले लिए गए। मॉरिशस में होटल की नौकरी देने के बजाय पहले खेतों में और बाद में कार वॉश का काम कराया गया। जब परिवादी ने विरोध किया तो कथित तौर पर उससे 300 डॉलर और दिलवाए गए। परिवादी का आरोप है कि मॉरिशस पहुंचने के बाद उसे पता चला कि उसे वर्क वीजा नहीं बल्कि टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। उसने कई बार आरोपितों से संपर्क कर नौकरी और रहने-खाने की व्यवस्था कराने की मांग की, लेकिन हर बार टालमटोल की गई। Hanumangarh News
इस दौरान एक आरोपी ने फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी। काम नहीं मिलने और वर्क वीजा नहीं होने के कारण परिवादी को 2 मई 2026 को उधार लेकर भारत लौटना पड़ा। भारत आने पर जब उसने रुपए वापस मांगे तो आरोपितों ने कथित रूप से कहा कि लोगों को विदेश भेजने के नाम पर रुपए ऐंठना ही उनका धंधा है। शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। परिवाद में यह भी आरोप है कि 1 जून 2026 को फोन पर गाली-गलौज करते हुए धार्मिक टिप्पणी कर धमकाया गया।
परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपितों ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर वर्क वीजा के नाम पर टूरिस्ट वीजा से विदेश भेजा तथा उसके और उसके परिजनों से कुल 5 लाख रुपए हड़प लिए। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर भादरा थाना पुलिस ने अजय, संदीप, विवेक और गुरलाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच एएसआई दुनीराम को सौंपी है। Hanumangarh News