Fraud: शादी के बाद पत्नी मायके चली गई, फिर गहने और रुपए लौटाने से किया इनकार

शादी का झांसा देकर 5 लाख रुपए , सोना-चांदी हड़पने का आरोप, अदालत के आदेश पर आधा दर्जन नामजद

Published On

हनुमानगढ़। जिले के भादरा पुलिस थाना में शादी का झांसा देकर लाखों रुपए, सोना और चांदी हड़पने के आरोप में अदालत के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय से इस्तगासा प्राप्त हुआ। परिवादी मोहम्मद आदिल (26) पुत्र इसरायल निवासी वार्ड नंबर 35, भादरा ने आरोप लगाया कि वर्ष अप्रैल 2022 में उसके रिश्तेदार रसूला उर्फ फौजी निवासी भिरानी अपनी पौत्रवधू आसिफा के साथ उसके घर आए और मेरठ निवासी युवती आरजू से शादी कराने का प्रस्ताव रखा। आरोप है कि इसके बदले रसूला ने एक सोने की अंगूठी और दो लाख रुपए की मांग की।

परिवाद के अनुसार करीब दस दिन बाद आरजू, उसकी मां जरीना और भाई आरिस भादरा पहुंचे। आरोप है कि उस दौरान रसूला ने कहा कि शादी के लिए लड़की पक्ष को पांच तोला सोने के गहने, आधा किलो चांदी और तीन लाख रुपए देने होंगे। परिवादी और उसकी मां ने विश्वास में आकर रसूला को एक सोने की अंगूठी एवं दो लाख रुपए दिए, जबकि आरजू, जरीना और आरिस को पांच तोला सोने के गहने, आधा किलो चांदी और तीन लाख रुपए सौंप दिए। Hanumangarh News

परिवादी के अनुसार इसके बाद 26 मई 2022 को उसकी शादी आरजू से कर दी गई। कुछ समय तक आरजू उसके साथ भादरा में रही, लेकिन 7 सितंबर 2023 को वह अपनी मां और भाई के साथ जाने लगी। विरोध करने पर उसकी मां के साथ मारपीट की गई और आरजू अपने परिजनों के साथ पहले भिरानी तथा बाद में मेरठ चली गई।

परिवाद में आरोप लगाया गया है कि बाद में आरोपियों ने परिवादी और उसके परिवार पर दहेज तथा घरेलू हिंसा के झूठे मुकदमे दर्ज कराकर दबाव बनाने का प्रयास किया। मोहम्मद आदिल ने यह भी आरोप लगाया कि उसने दांपत्य संबंधों की पुनर्स्थापना के लिए भादरा न्यायालय में वाद दायर किया।

इस दौरान आरोपियों ने कथित रूप से स्वीकार किया कि शुरू से ही उनकी नीयत बेईमानी की थी और वे रुपए तथा गहने हड़पना चाहते थे। साथ ही यह भी कहा कि न तो आरजू उसके साथ रहेगी और न ही रुपए एवं गहने लौटाए जाएंगे। परिवादी का कहना है कि पूरी कथित धोखाधड़ी भादरा में हुई, जहां रुपए, सोना और चांदी दिए गए। अदालत के आदेश के बाद भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई दुलाराम को सौंपी गई है। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts