Fraud Alert: फर्जी पेमेंट स्क्रीनशॉट भेजकर हलवाई से 50 हजार रुपए की मिठाई हड़पी

खाते में आए सिर्फ 14500 रुपए, पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित पहुंचा अदालत

Published On

हनुमानगढ़। जिले के भादरा थाना क्षेत्र में ऑनलाइन पेमेंट के फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर एक हलवाई से हजारों रुपए की मिठाई हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने पर पीड़ित ने अदालत की शरण ली, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय से हंसराज बनाम सुमेरदीन का इस्तगासा प्राप्त हुआ। परिवादी हंसराज (30) पुत्र हरीराम बिश्नोई निवासी जांगलू, बीकानेर, हाल वार्ड नंबर 23, गणेशपुराबास, भादरा ने परिवाद में बताया कि वह पिछले 10-12 वर्षांे से भादरा में हलवाई का कार्य करता है तथा मिठाइयां बनाकर ऑनलाइन और ऑर्डर के अनुसार भादरा सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता है। परिवाद के अनुसार सुमेरदीन निवासी खेरतल जिला अलवर, नोहर क्षेत्र में मिठाई सप्लाई का कार्य करता है। दोनों के बीच लंबे समय से व्यावसायिक लेन-देन होने के कारण विश्वास का संबंध बन गया था।

हंसराज ने आरोप लगाया कि 22 दिसंबर 2025, 25 दिसंबर 2025, 28 दिसंबर 2025, 30 दिसंबर 2025 और 5 जनवरी 2026 को सुमेरदीन ने मोबाइल फोन पर मिठाइयों के ऑर्डर दिए। हर बार उसने भुगतान शाम तक ऑनलाइन करने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद हंसराज ने तैयार मिठाइयां बस के माध्यम से नोहर भिजवा दीं। परिवादी का आरोप है कि सुमेरदीन ने कुछ ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट उसके व्हाट्सएप पर भेजे, जिनमें 6300 रुपए, 4500 रुपए, 4000 रुपए, 20200 रुपए, 1000 रुपए और 9000 रुपए सहित विभिन्न भुगतान दर्शाए गए थे। बाद में पता चला कि इनमें से अधिकांश स्क्रीनशॉट फर्जी या डमी थे और संबंधित राशि उसके बैंक खाते में कभी जमा ही नहीं हुई।

परिवाद के अनुसार 22 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 के बीच कुल 64801 रुपए की मिठाइयां सप्लाई की गईं, जबकि उसके बैंक खाते में केवल 14500 रुपए ही प्राप्त हुए। इस प्रकार 50301 रुपए की राशि बकाया रह गई। हंसराज ने आरोप लगाया कि जब उसने सुमेरदीन से बकाया राशि मांगी तो उसने पहले 15 जनवरी 2026 को नकद भुगतान करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में साफ शब्दों में कह दिया कि उसने विश्वास में लेकर छलपूर्वक मिठाइयां मंगवाई थीं और अब वह बाकी रुपए नहीं देगा।

इसके बाद उसने परिवादी का मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। अदालत से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर भादरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच एएसआई जगदीश को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts