छात्राओं ने दिखाया उद्यमिता का हुनर

कार्निवल में फूड स्टॉल, गेम्स जोन और नवाचार रहे आकर्षण

Published On

हनुमानगढ़। टाउन स्थित व्यापार मंडल कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को 'नई सोच, संकल्प और स्वावलंबन' थीम पर कार्निवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में उद्यमिता की भावना विकसित करना, उन्हें व्यवसाय के लिए प्रेरित करना तथा आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना रहा। Hanumangarh News

कार्निवल में महाविद्यालय की छात्राओं ने खाद्य सामग्री, गेम्स जोन और विभिन्न रचनात्मक उत्पादों की आकर्षक स्टॉल्स लगाईं। छात्राओं ने अपने नवाचार, रचनात्मकता और व्यवसायिक कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे अतिथियों और उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहल रही। छात्राओं ने बीजों को मिट्टी में तैयार किए गए विशेष पैकेट बनाकर अतिथियों को वितरित किए, ताकि अधिक से अधिक पौधारोपण को बढ़ावा मिल सके।

वहीं महाविद्यालय परिसर में लगे पौधों पर क्यूआर कोड लगाए गए, जिन्हें स्कैन कर संबंधित पौधों की जानकारी प्राप्त की जा सके। इस मौके पर अतिथियों ने महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़ की पुस्तक 'प्राचीन भारत का इतिहासÓ का लोकार्पण किया। साथ ही छात्राओं की राय और सुझाव प्राप्त करने के उद्देश्य से सजेशन बॉक्स का शुभारंभ किया गया। डिजिटल युग से छात्राओं को जोड़ने के लिए महाविद्यालय के इंस्टाग्राम पेज का भी शुभारंभ किया गया, जिससे छात्राएं अपनी प्रतिभा और गतिविधियों को व्यापक मंच पर साझा कर सकें।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यापार मंडल शिक्षा समिति के अध्यक्ष बालकिशन गोल्याण ने छात्राओं को नवाचार, आत्मविश्वास और स्वावलंबन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उद्यमिता की भावना को भी मजबूत करते हैं। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीलम गौड़ ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और उन्हें नई-नई गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के नवाचारपूर्ण आयोजन लगातार किए जाते रहेंगे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts