शाह सतनाम जी गर्ल्स महाविद्यालय में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि

एनएसएस इकाई द्वारा पोस्टर प्रदर्शनी, प्रेरक प्रस्तुतियाँ एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

Published On

Kargil Vijay Diwas: श्री गुरुसर मोड़िया, (सच कहूँ न्यूज़)। शाह सतनाम जी गर्ल्स महाविद्यालय, श्री गुरुसर मोड़िया में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के तत्वावधान में देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कारगिल युद्ध के वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर एवं मोमबत्तियाँ प्रज्ज्वलित कर किया गया। Sri Gurusar Modia

इस अवसर पर एनएसएस प्रभारी श्रीमती ललिता ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस, देशभक्ति एवं सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि कारगिल के अमर वीरों का त्याग प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा शहीदों के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस की स्वयंसेवी छात्राओं ने कारगिल विजय अभियान के शहीद एवं घायल सैनिकों के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण को आकर्षक पोस्टरों एवं प्रेरक जीवन प्रसंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। छात्राओं की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी को भावविभोर कर दिया तथा देशभक्ति का वातावरण निर्मित किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. नवजोत कौर गिल ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि उन अमर वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा, अनुशासन, समर्पण एवं देशभक्ति की भावना को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया तथा अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। Sri Gurusar Modia

Kargil-NSS-Girls

About The Author

Related Posts