Hanumangarh Police: अब हर सूचना पर होगी त्वरित कार्रवाई! ‘सेफ सिटी अभियान’ का आगाज

एसपी बी आदित्य की पहल-20 सदस्यीय विशेष टीम करेगी लगातार गश्त

Published On

Hanumangarh Police: हनुमानगढ़ (सच कहूँ/हरदीप सिंह)। जिले को सुरक्षित, नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में हनुमानगढ़ पुलिस ने शनिवार को ‘सेफ सिटी अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया। जंक्शन स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित अभियान के लॉन्चिंग कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक बी आदित्य, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई, राज कंवर, सीओ सिटी मीनाक्षी सहित पुलिस अधिकारी, व्यापारी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। Hanumangarh News

कार्यभार संभालने के बाद एसपी बी आदित्य की यह पहली बड़ी पहल मानी जा रही है, जिसके तहत अपराध, विशेषकर नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार करने की रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एसपी ने बताया कि अभियान के पहले चरण में 20 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई है, जो बाइक के माध्यम से शहर के उन स्थानों पर लगातार निगरानी रखेगी, जहां नशेड़ी प्रवृत्ति के लोग एकत्र होकर नशा करते हैं या इंजेक्शन का सेवन करते हैं। संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह टीम दो पारियों में कार्य करेगी। सुबह 8 बजे से रात 10-12 बजे तक लगातार गश्त रहेगी, ताकि किसी भी सूचना पर बिना देरी कार्रवाई हो सके। Hanumangarh News

पुलिस कप्तान बी आदित्य ने बताया कि ‘सेफ्टी सिटी’ अभियान की प्रतिदिन मॉनिटरिंग अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर पर होगी। भविष्य में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद से शहर में नशे से जुड़े सभी संवेदनशील स्थानों का हॉटस्पॉट मैप तैयार किया जाएगा। इन स्थानों के कॉर्डिनेट सिस्टम में दर्ज किए जाएंगे, जिससे पुलिस को यह स्पष्ट जानकारी रहेगी कि किन इलाकों में सबसे अधिक निगरानी की आवश्यकता है। 

किंगपिन तक पहुंचेगी पुलिस : एसपी

एसपी ने कहा कि अभियान केवल नशा करने वालों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नशे की सप्लाई चेन से जुड़े मुख्य तस्करों (किंगपिन) तक पहुंचकर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होने से चोरी, छीनाझपटी और अन्य छोटे अपराधों में भी उल्लेखनीय कमी आएगी। पुलिस ने आमजन से नशा तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना देने की अपील करते हुए एसपी व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 87645-31201 जारी किया है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर विश्वसनीय सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

जनभागीदारी बनेगी अभियान की सबसे बड़ी ताकत

अभियान के तहत ‘सेफ सिटी कमेटी’ का गठन किया जाएगा, जिसकी अध्यक्षता स्वयं एसपी करेंगे। इसमें बार एसोसिएशन, डॉक्टर्स एसोसिएशन, टीचर्स एसोसिएशन, व्यापारिक संगठनों सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। पुलिस केवल सुझाव नहीं लेगी, बल्कि आमजन को अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया का सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा, ताकि सूचना तंत्र मजबूत हो और अपराधियों तक तेजी से पहुंचा जा सके। कमेटी की मासिक बैठक होगी, जबकि पुलिस स्तर पर प्रत्येक सप्ताह अभियान की समीक्षा कर कार्रवाई का मूल्यांकन किया जाएगा। 

नशे के आदी लोगों के पुनर्वास पर भी रहेगा जोर

एसपी बी आदित्य ने कहा कि नशे का आदी व्यक्ति केवल अपराधी नहीं, बल्कि कई बार परिस्थितियों का शिकार भी होता है। ऐसे लोगों को प्रशासन के सहयोग से नशामुक्ति केन्द्रों में भर्ती करवाकर मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास भी किए जाएंगे। कार्यक्रम में व्यापारी प्यारेलाल बंसल, पदम जैन, डिंपल बंसल, मोहित बलाड़िया, सुनीता अग्रवाल, कंचन गुप्ता, मिताली अग्रवाल, जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां, टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह गिल, महिला थाना प्रभारी चंद्रकला, सीआई जगदीश कड़वासरा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।  Hanumangarh News

About The Author

Related Posts