Aam Aadmi Clinic: पंजाब को मिले 100 और आम आदमी क्लीनिक, कुल संख्या हुई 1,090 

गर्भवती महिलाओं के इलाज के लिए वरदान साबित हो रहे आम आदमी क्लीनिक: स्वास्थ्य मंत्री

Published On

पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Aam Aadmi Clinic: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में 100 नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए जाने के साथ अब पंजाब में इन क्लीनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो गई है। उन्होंने शनिवार को पटियाला ग्रामीण के विकास नगर में नए आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन भी किया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक नागरिक को उसके घर के निकट ही गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से आम आदमी क्लीनिक स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को इलाज के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।

डॉ. सिंह ने बताया कि प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में योग्य एमबीबीएस डॉक्टर, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ तथा अन्य आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इन क्लीनिकों में आने वाले मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जाँच, आवश्यक दवाईयाँ तथा विभिन्न डायग्नोस्टिक परीक्षणों सहित सभी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ 100 प्रतिशत नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक प्रदेश की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इनके माध्यम से हर माह 42 हजार से अधिक गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य जाँच, चिकित्सकीय परामर्श और देखभाल उपलब्ध कराई जाती है।

इसके अलावा मधुमेह (शुगर) और उच्च रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर) जैसी गैर-संचारी बीमारियों से पीड़ित 1.25 लाख से अधिक मरीजों को नियमित उपचार, दवाईयाँ तथा फॉलो-अप सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं, जिससे उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी संभव हो रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 

कैबिनेट मंत्री ने मलोट में तीन आम आदमी क्लीनिकों का किया उद्घाटन 

मलोट (मनोज)। पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के तहत जिला श्री मुक्तसर साहिब के विभिन्न क्षेत्रों में नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन किया गया। यह जानकारी पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शनिवार को मलोट शहर में अंबेडकर भवन, डेरा सच्चा सौदा रोड तथा वार्ड नंबर 11, रेलवे लाइन के निकट स्थापित नए आम आदमी क्लीनिकों का उद्घाटन करते हुए दी।

डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आम आदमी क्लीनिक स्वास्थ्य क्रांति का प्रतीक हैं, जहाँ अब आम लोगों को छोटी-मोटी बीमारियों के उपचार के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। 

Punjab News (1)

फिरोजपुर में तीन नए आम आदमी क्लीनिक  शुरु, अब कुल संख्या हुई 31

फिरोजपुर (जगदीप सिंह)। जिले में शनिवार को तीन नए आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं। इन क्लीनिकों का उद्घाटन शनिवार को फिरोजपुर शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने किया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) कृष्णा पाल राजपूत तथा सिविल सर्जन डॉ. मीनाक्षी ढींगरा भी उपस्थित रहीं। शनिवार को केन्द्रीय जेल फिरोजपुर, मल्लवाल रोड स्थित मार्कफेड कार्यालय के निकट तथा गोलबाग स्थित सरकारी वेटरनरी पॉलीक्लीनिक में आम आदमी क्लीनिकों का लोकार्पण किया गया। विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने कहा कि जिले में पहले 28 आम आदमी क्लीनिक संचालित हो रहे थे और अब तीन नए क्लीनिक शुरू होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 31 हो गई है।

साहनेवाल को मिले तीन नए आम आदमी क्लीनिक, 76.41 लाख रुपये की लागत से जनता को समर्पित


लुधियाना/साहनेवाल (रघबीर सिंह)। पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घरों तक पहँुचाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए साहनेवाल विधानसभा क्षेत्र में 76.41 लाख रुपये की लागत से तैयार किए गए तीन नए आम आदमी क्लीनिक शनिवार को जनता को समर्पित कर दिए गए। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियाँ ने इन क्लीनिकों का उद्घाटन किया। मुंडियाँ ने बताया कि बादल फ्लैट, मुंडियाँ कलां में 27.96 लाख रुपये, पुराना बाजार, साहनेवाल में 22.06 लाख रुपये तथा गाँव ऊंची मंगली में 26.39 लाख रुपये की लागत से इन आम आदमी क्लीनिकों का निर्माण किया गया है।

उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों से क्षेत्र के हजारों लोगों को घर के निकट ही बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार प्रदेश के हर वर्ग को बेहतर, नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन क्लीनिकों में मरीजों को मुफ्त चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाईयाँ, विभिन्न लैब जाँचें तथा प्राथमिक उपचार की सुविधाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों के समय और धन दोनों की बचत होगी।

Punjab News (2)

 

About The Author

Related Posts