भिवानी सीआईए स्टाफ-2 को मिली बड़ी कामयाबी: सवा साल से फरार 5 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार
CIA-2 की टीम ने दबोचा 5 हजार का इनामी बदमाश
भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी पुलिस की सीआईए स्टाफ-द्वितीय टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले सवा साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे और 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में भिवानी के डीएसपी क्राईम अनुप कुमार ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में जानकारी दी।
डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निदेर्शों के तहत वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए स्टाफ-द्वितीय के प्रभारी उप निरीक्षक दशरथ के नेतृत्व में गठित टीम ने तोशाम क्षेत्र से इस इनामी बदमाश को दबोचा।
पत्रकारों को संबोधित करते हुए डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने कहा कि 4 अप्रैल 2025 को थाना तोशाम में सुभाष नाम के शिकायतकर्ता की शिकायत पर एक मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता के बेटे रवि और भाई बिजेंद्र के साथ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। इस मामले में पुलिस 5 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, लेकिन एक मुख्य आरोपी संजय पिछले सवा साल से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
डीएसपी ने बताया कि सीआईए-2 की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर तोशाम इलाके में घेराबंदी की। जब आरोपी को रुकने का इशारा किया गया, तो उसने भागने की कोशिश में अपनी मोटरसाइकिल से पुलिस कर्मचारियों और बैरिकेड्स में सीधी टक्कर मार दी। हालांकि, हमारी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2 देसी कट्टे और 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी ने बताया कि ारोपी संजय एक शातिर व आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 11 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी, ताकि उससे अन्य वारदातों और अवैध हथियारों की सप्लाई चेन के बारे में गहन पूछताछ की जा सके।