सरकारी गेहूं की अवैध खरीद-फरोख्त का भंडाफोड़, 186 कट्टे गेहूं बरामद

सोनीपत में अवैध रूप से रखा सरकारी गेहूं पकड़ा गया

Published On

खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: मुख्यमंत्री उड़नदस्ता इकाई सोनीपत, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा थाना खरखौदा पुलिस की संयुक्त टीम ने दिल्ली रोड स्थित कपूर आटा चक्की पर छापेमारी कर सरकारी गेहूं की कथित अवैध खरीद-फरोख्त का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 50-50 किलोग्राम के 186 कट्टे सरकारी गेहूं बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 27 हजार रुपए बताई गई है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक प्रवेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कपूर आटा चक्की पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से सरकारी गेहूं अवैध रूप से उतारा जा रहा है। सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।

जांच के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली और उसके पास सरकारी मार्का वाले 186 कट्टे गेहूं मिले। पूछताछ में आटा चक्की संचालक राजेश ने बताया कि उसने यह गेहूं भटगांव निवासी आढ़ती संदीप से खरीदा है। हालांकि संदीप उक्त गेहूं से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

प्रथम दृष्टया सरकारी गेहूं की अवैध खरीद, बिक्री एवं भंडारण का मामला सामने आने पर थाना खरखौदा पुलिस ने राजेश और संदीप के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद गेहूं को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

छापेमारी के दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ता प्रभारी जीत सिंह बेनीवाल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर बिजेंद्र, एएसआई राजेश, एसआई जितेंद्र कुमार, ईएएसआई संजय सहित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

Kharkhoda News

About The Author

Related Posts