घर के बाहर खड़ी बोलेरो चोरी, वारदात सीसीटीवी में कैद

फास्टैग से मिला सुराग, बाड़ोपट्टी टोल पार करने के बाद आरोपियों की तलाश तेज

Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी के निकटवर्ती गांव डाटा में घर के बाहर खड़ी बोलेरो चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और फास्टैग रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गांव उत्तर निवासी सुरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मंगलवार रात अपनी सफेद रंग की बोलेरो रोजाना की तरह घर के सामने खाली प्लॉट में खड़ी कर सो गया था। बुधवार सुबह उठने पर गाड़ी वहां नहीं मिली। इसके बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।

फुटेज में सुबह करीब 2:15 बजे अज्ञात युवक बोलेरो चोरी कर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। चोरी की गई बोलेरो के पीछे एक अन्य कार भी चलती नजर आई, जिससे आशंका है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे। पीड़ित ने बताया कि बोलेरो के साथ उसके सभी दस्तावेज, टूल और अन्य जरूरी कागजात भी चोरी हो गए। फास्टैग रिकॉर्ड से पता चला कि चोरी के बाद गाड़ी बाड़ोपट्टी टोल प्लाजा से गुजरी, जिससे पुलिस को आरोपियों के भागने के रूट का अहम सुराग मिला है। सुरेश ने बताया कि वह इसी बोलेरो को बुकिंग पर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द गाड़ी बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिया है।

Hansi News
Hansi News: सीसीटीवी में कैद चोरी हुई गाड़ी।

About The Author

Related Posts