शिक्षा और रोजगार
शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की प्राचार्या डॉ. शीला पूनिया राज्यपाल से सम्मानित
स्काउट्स एंड गाइड्स में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए किया गया सम्मानित
सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल सरसा की प्रधानाचार्या डॉ. शीला पूनिया इन्सां को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स में उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय योगदान के लिए हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष (Haryana Governor Asim Kumar Ghosh) ने प्रतिष्ठित थैंक्स बैज से सम्मानित किया। यह सम्मान हरियाणा राज्य भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में हरियाणा लोक भवन, चंडीगढ़ में प्रदान किया गया। Sirsa News
डॉ. शीला पूनिया पिछले कई वर्षों से स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा छात्राओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव विकसित करने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने स्काउटिंग एवं गाइडिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यह पहला अवसर नहीं है जब उन्हें सम्मानित किया गया हो। इससे पहले भी उन्हें जिला एवं राज्य स्तर पर अनेक पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। डॉ. शीला पूनिया इन्सां ने कहा कि थैंक्स बैज सम्मान उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में भी स्काउट्स एवं गाइड्स के क्षेत्र में और अधिक समर्पण, सेवा भाव तथा उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि वे पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां की प्रेरणा से शिक्षा के साथ-साथ स्काउट्स एवं गाइड्स तथा समाजसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। पूज्य गुरुजी की प्रेरणा ही उन्हें विद्यार्थियों में सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य करने का संबल प्रदान करती है। Sirsa News