Gurugram News: बास्केटबॉल कोर्ट में गिरा पोल, बच्चे की रीढ़ की हड्डी में आया फ्रेक्चर

दो खिलाड़ियों ने भागकर बचाई जान

Published On

गुरुग्राम, (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। यहां सेक्टर-84 स्थित अंतरिक्ष हाइट्स सोसायटी के बास्केटबॉल कोर्ट में लोहे का पोल गिरने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी रीढ़ की हड्डी में तीन जगह फ्रेक्चर हुआ है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में सोसायटी प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी। Gurugram News

जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम को सोसायटी के बच्चे रोज की तरह कोर्ट में प्रैक्टिस मैच खेल रहे थे। खेल के दौरान ही जर्जर लोहे का पोल अचानक नीचे आ गिरा। पोल सोसायटी निवासी एक डॉक्टर के बेटे कार्तिक के ऊपर गिरा, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सुरक्षाकर्मियों और अन्य खिलाड़ियों ने मिलकर पोल के नीचे दबे बच्चे को निकाला और तुरंत आरवी अस्पताल पहुंचाया। हादसे के वक्त दो अन्य खिलाड़ियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।

डॉक्टरों के अनुसार कार्तिक की पीठ पर गंभीर चोट आई है। उसकी रीढ़ की हड्डी में तीन अलग-अलग स्थानों पर फ्रैक्चर हुए हैं। बच्चे का आपातकालीन वार्ड में इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत नाजुक है, लेकिन स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद सोसायटी में गुस्सा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह पोल लंबे समय से जंग लगा और जर्जर हालत में था।

उन्होंने कई बार सोसायटी प्रबंधन और मेंटेनेंस एजेंसी से पोल ठीक कराने की शिकायत की थी, लेकिन बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने इसे सामान्य दुर्घटना न मानकर प्रबंधन की आपराधिक लापरवाही बताया है। पीड़ित परिवार और सोसायटी के लोगों ने पुलिस को शिकायत देकर दोषी प्रबंधन और मेंटेनेंस टीम के खिलाफ एफआईआर और सख्त कार्रवाई की मांग की है। Gurugram News

About The Author

Related Posts