Jakhal: कार की टक्कर से किसान की मौत, खेत जाते समय हादसा; इलाज के दौरान तोड़ा दम

कार की टक्कर से किसान की मौत, खेत जाते समय हादसा; इलाज के दौरान तोड़ा दम

Published On

जाखल (तरसेम सिंह)। जाखल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में किसान की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गांव शकरपुरा की ढाणी लखुवाली निवासी बलदेव सिंह (47) अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक सफेद ऑल्टो कार ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत निजी वाहन से हिसार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मृतक के चाचा सुखदेव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि ऑल्टो कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बलदेव सिंह सड़क पर जा गिरे और गंभीर चोटें आईं। हादसे में ऑल्टो कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जाखल थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

About The Author

Related Posts