Sirsa News: स्कूल में सजी पुलिस की चौपाल, विद्यार्थियों को नशे और साइबर ठगी से बचाव का पढ़ाया पाठ
थाना प्रभारी सीमा सोढ़ी बोलीं, नशा भविष्य छीनता है, सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार
सरसा, 26 जुलाई (सच कहूँ न्यूज)। युवाओं को नशे और साइबर अपराधों से बचाने के उद्देश्य से शनिवार को सदर थाना पुलिस की ओर से गांव झोरड़नाली स्थित राजकीय विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने विद्यार्थियों, अध्यापकों और ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर ठगी से बचाव और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके परिवार, भविष्य और पूरे समाज को प्रभावित करता है। Sirsa News
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास भी नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करें। यदि किसी क्षेत्र में नशा बेचने या सेवन करने की जानकारी मिले तो बिना किसी भय के तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को आॅनलाइन ठगी से बचने के आसान और व्यवहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड साझा करें। सोशल मीडिया पर मिलने वाले फर्जी इनाम, केवाईसी अपडेट, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी और फर्जी कॉल से सतर्क रहने की भी सलाह दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मोबाइल फोन और इंटरनेट का उपयोग केवल पढ़ाई एवं आवश्यक कार्यों के लिए करें। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने, साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस विभाग के इस जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। Sirsa News