शिक्षा और रोजगार
Uttarakhand Weather Update: फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, यात्रियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील
मौसम सुधरने के बाद प्रशासन ने दी हरी झंडी
Char Dham Yatra: देहरादून (हि.स.)। उत्तराखंड में मौसम की स्थिति में सुधार आने के बाद चारधाम यात्रा को मंगलवार से दोबारा शुरू कर दिया गया है। खराब मौसम और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा को एक दिन के लिए एहतियातन रोका गया था। अब प्रशासन ने आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों के साथ यात्रा को पुनः सुचारु रूप से संचालित करने का निर्णय लिया है। गढ़वाल मंडल प्रशासन के अनुसार यात्रा से जुड़े सभी जिलों में प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) तथा अन्य विभाग आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। यात्रा मार्गों की नियमित निगरानी की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। Uttarakhand Weather Update
प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि यदि यात्रा के दौरान कहीं भारी वर्षा, भूस्खलन या अन्य प्राकृतिक कारणों से मार्ग अस्थायी रूप से बंद हो जाए, तो वे घबराने के बजाय प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थलों या होल्डिंग एरिया में ही ठहरें। हालात सामान्य होने और मार्ग पूरी तरह सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही आगे की यात्रा करें।
सुरक्षा को दी जा रही सर्वोच्च प्राथमिकता
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित विभागों को मौसम की गतिविधियों, सड़क मार्गों और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि चारधाम यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की नवीनतम जानकारी अवश्य प्राप्त करें और केवल सरकारी एवं आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। इससे किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित की जा सकेगी। Uttarakhand Weather Update