Blood Donation: थैलेसीमिया मरीजों के लिए फरिश्ता बने सेवादार, तीन यूनिट रक्तदान कर पेश की इंसानियत की मिसाल
रक्तदान से निभाया मानवता का फर्ज, थैलेसीमिया मरीजों की मदद को आगे आए सेवादार
संगतपुरा/जींद 26 जुलाई (सच कहूँ/राहुल)। Sangatpura News: मानवता भलाई के कार्यों में जुटे डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों की मदद के लिए रक्तदान कर इंसानियत की मिसाल पेश की। जिला जींद के ब्लॉक संगतपुरा की एमएसजी आईटी विंग के सेवादार सोमनाथ इन्सां और प्रवीन इन्सां तथा ब्लॉक किनाना के संजीव इन्सां ने सामान्य अस्पताल, जींद में थैलेसीमिया मरीजों के लिए तीन यूनिट रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले सेवादारों ने कहा कि उन्हें जरूरतमंदों की मदद और मानवता भलाई के कार्यों की प्रेरणा संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां से मिली है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद मरीज की जिंदगी बचाने में मदद मिल सकती है।
थैलेसीमिया मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है, इसलिए स्वस्थ लोगों को भी आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए। सामान्य अस्पताल, जींद के चिकित्सकों एवं स्टाफ ने रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया और उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की। चिकित्सकों ने कहा कि थैलेसीमिया मरीजों के लिए स्वैच्छिक रक्तदाताओं का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। समय पर उपलब्ध होने वाला रक्त इन मरीजों के उपचार में अहम भूमिका निभाता है। सेवादारों ने कहा कि वे भविष्य में भी जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्तदान सहित अन्य मानवता भलाई के कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान देते रहेंगे। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि स्वस्थ व्यक्ति आगे आएं और रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।