Cyber Fraud: धोखाधड़ी के मामले में गुजरात साइबर क्राइम की बड़ी सफलता, सिडनी के भारतीय को वापस दिलाए ₹11 लाख
गुजरात के अमरेली साइबर क्राइम प्रकोष्ठ की त्वरित कार्रवाई
Cyber Fraud: नई दिल्ली (एजेंसी)।गुजरात के अमरेली साइबर क्राइम प्रकोष्ठ ने त्वरित कार्रवाई और बैंकिंग संस्थानों के सहयोग से एक अंतरराष्ट्रीय साइबर धोखाधड़ी के मामले का सफल समाधान करते हुए ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रह रहे एक भारतीय नागरिक की ₹11 लाख की राशि वापस दिलाई। इस कार्रवाई ने सीमा पार साइबर अपराधों से निपटने में भारतीय एजेंसियों की प्रभावी कार्यशैली का उदाहरण प्रस्तुत किया है। जानकारी के अनुसार, मूल रूप से नई दिल्ली के निवासी सौरभ जॉली, जो वर्तमान में सिडनी में रहते हैं, ने सोना खरीदने के उद्देश्य से गुजरात के अमरेली निवासी एक व्यक्ति के खाते में ₹11 लाख का भुगतान किया था। भुगतान के बाद उन्हें न तो सोना प्राप्त हुआ और न ही धनराशि वापस मिली। विदेश में रहने के कारण उन्होंने ई-मेल के माध्यम से अमरेली पुलिस से सहायता मांगी। Delhi News
अमरेली पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामले की जांच प्रारंभ कर दी। साइबर क्राइम टीम ने संबंधित बैंक के साथ समन्वय स्थापित किया, वित्तीय लेन-देन की निगरानी की और शिकायतकर्ता को जांच की प्रगति से लगातार अवगत कराया। पुलिस की सक्रिय कार्रवाई के बाद संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया गया और उसे धनराशि लौटाने के लिए कहा गया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी ₹11 लाख की राशि शिकायतकर्ता के बैंक खाते में वापस जमा करा दी गई।
विदेश में रहकर भी मिला भरोसेमंद सहयोग | Delhi News
सौरभ जॉली ने पुलिस अधिकारियों को भेजे अपने धन्यवाद संदेश में कहा कि हजारों किलोमीटर दूर रहने के बावजूद उन्हें कभी यह महसूस नहीं हुआ कि वे जांच प्रक्रिया से अलग हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम ने प्रत्येक चरण की जानकारी साझा की, सभी प्रश्नों का धैर्यपूर्वक उत्तर दिया और पूरे मामले को पेशेवर तरीके से संभाला। उन्होंने यह भी कहा कि इस अनुभव ने भारतीय पुलिस व्यवस्था और साइबर अपराध से निपटने की क्षमता के प्रति उनका विश्वास और मजबूत किया।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब गुजरात सरकार साइबर धोखाधड़ी के मामलों में पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने और उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दे रही है। राज्य स्तर पर पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि साइबर अपराधों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करते हुए पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए सभी उपलब्ध कानूनी और तकनीकी उपाय अपनाए जाएं। Delhi News