48 घंटे से लापता 20 वर्षीय युवती का शव कुएं से बरामद, मचा हड़कंप 

स्कूल के दस्तावेज और बैंक पासबुक लेकर घर से निकली थी युवती, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Published On

नालंदा, बिहारशरीफ (हि.स.)। नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र के नेहूसा गांव में 48 घंटे से लापता 20 वर्षीय युवती का शव रविवार की सुबह ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर स्थित एक कुएं से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची हरनौत थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बिहारशरीफ भेज दिया। Bihar News

मृतका की पहचान नेहूसा गांव निवासी संजय कुमार की 20 वर्षीय पुत्री खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि खुशबू शुक्रवार की सुबह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। जाते समय वह अपने साथ स्कूल के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक तथा अन्य जरूरी दस्तावेज भी लेकर गई थी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर उसके पिता ने शनिवार को हरनौत थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।

रविवार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर स्थित कुएं में एक युवती का शव देखा। इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में की। बेटी का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। Bihar News

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि युवती की मौत करीब दो दिन पहले हुई होगी। शव से दुर्गंध आने के कारण आशंका जताई जा रही है कि घटना दो दिन पुरानी है। शुरुआती जांच में आत्महत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। Bihar News

About The Author

Related Posts