प्रताप स्कूल में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ
ब्लॉक स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: प्रताप स्कूल में ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के उद्घाटन किया गया। प्रदेश में 20 से 23 जुलाई तक ब्लॉक स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित ओम प्रकाश दहिया एवं विद्यालय की प्राचार्या दया दहिया ने किया। इस अवसर पर विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं प्रारंभ हुईं, जिनमें बड़ी संख्या में विभिन्न स्कूलों से छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। द्रोणाचार्य अवार्डी ओम प्रकाश दहिया ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता।
निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण ही खिलाड़ी को ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। प्राचार्या दया दहिया ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए उन्हें पूरी लगन, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन समारोह के पश्चात विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ, जिनमें खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह एवं जोश के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर रामनिवास प्राचार्य राजकीय स्कूल खांडा, अनिता प्राचार्या राजकीय स्कूल सिसाना, वेदपाल हैडमास्टर कंवाली, सुंदर प्राचार्य राजकीय स्कूल गौरड़, दीपक आंतिल प्राचार्य राजकीय स्कूल बिधलान, सुनीता प्राचार्या राजकीय स्कूल फरमाणा, सोमबीर पीटीआई राजकीय स्कूल जटौला, अनिल डीपी राजकीय स्कूल कुण्डल, वेदपाल पीटीआई, मोहित पंवार पीटीआई आदि महानुभाव भी उपस्थित रहे।
