Accident News: तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत
सदर थाने में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हनुमानगढ़। डबलीबास मौलवी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मामले में मृतक के भाई की रिपोर्ट पर सदर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 1, डबलीबास मौलवी निवासी मलकीत सिंह (58) पुत्र मक्खन सिंह रायसिख ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका छोटा भाई फुमण सिंह आरा मशीन पर मजदूरी का कार्य समाप्त कर रात करीब 8 बजे पैदल अपने घर लौट रहा था। Hanumangarh News
इसी दौरान बिजली घर डबलीराठान के सामने पीछे से आए मोटर साइकिल चालक गुरभेज सिंह पुत्र कप्तान सिंह निवासी डबलीराठान ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में फुमण सिंह के सिर और कमर में गंभीर चोटें आईं। पहले उसे राजकीय चिकित्सालय डबलीबास मौलवी में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते राजकीय चिकित्सालय हनुमानगढ़ टाउन रेफर किया गया।
बाद में चिकित्सकों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया, लेकिन बीकानेर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक कुलदीप मीणा को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। Hanumangarh News