Fraud: बर्तन बेचने आई महिला ने ठगे महिलाओं से सोने-चांदी के गहने
तीन दिन तक भरोसा जीतती रही महिला, सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध महिला, आरोपी महिलाओं को बेसुध कर समेट ले गई गहने
कैथल, (सच कहूँ न्यूज)। सीवन कस्बे में पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देने का झांसा देकर सात महिलाओं से सोने-चांदी के आभूषण ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला तीन दिनों तक लगातार महिलाओं के संपर्क में रही और उन्हें अपने विश्वास में लेकर करीब 72 तोले चांदी और 5 तोले सोने के आभूषण लेकर फरार हो गई। सीवन निवासी संतोष की शिकायत पर सीवन थाना पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Kaithal News
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला अपने साथ एक छोटे बच्चे को भी लेकर आई थी। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि महिला ने उन्हें कुछ सुंघा दिया था, जिसके बाद वे बेसुध हो गईं और इसी दौरान वह गहने लेकर चली गई। शिकायत में संतोष ने बताया कि 21 जुलाई को एक महिला बर्तन बेचने के बहाने उनके घर पहुंची थी।
उसने महिलाओं को लालच दिया कि पुराने बर्तन देकर नए बर्तन ले सकते हैं। उसकी बातों में आकर महिलाओं ने पुराने बर्तन दे दिए और नए बर्तन ले लिए। अगले दिन वही महिला दोबारा उनके घर आई और कहा कि पुराने चांदी के गहने देने पर वह नए गहने देगी। इस पर महिलाओं ने उसे चांदी के आभूषण दे दिए। 23 जुलाई को महिला फिर उनके घर पहुंची। Kaithal News
उसने कहा कि यदि उनके पास सोने के आभूषण हैं तो वह उनका डिजाइन लेगी और बदले में एक लाख रुपये देगी। महिला की बातों में आकर सात महिलाओं ने अपने सोने और चांदी के गहने उसे सौंप दिए। आरोप है कि महिला ने अगले दिन वापस आने की बात कही, लेकिन वह नहीं लौटी। इसके बाद महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ।
सीसीटीवी में कैद हुई संदिग्ध महिला
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने सीवन के अन्य मोहल्लों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस को महिला की सीसीटीवी फुटेज भी मिली है, जिसके आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सीवन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी एएसआई गुरदीप को सौंपी है। पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है। Kaithal News