Rajasthan Road Accident: मजदूरी कर लौट रहे दो लोगों को तेज रफ्तार थार ने कुचला
गंभीर हालत में जयपुर रेफर, चालक पर नशे में लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप
Rajasthan Road Accident: हनुमानगढ़। रावतसर क्षेत्र में तेज रफ्तार थार वाहन की टक्कर से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर रावतसर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार चक 13 बीपीएम, कनवानी निवासी कालूराम (25) पुत्र महेन्द्र ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके पिता महेन्द्र तथा भूपेन्द्र पुत्र टिकूराम, जो रावतसर मंडी में मजदूरी करते हैं, 21 जुलाई की शाम मजदूरी करने के बाद राशन लेकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया गया कि रात करीब 8 से 8.30 बजे जब दोनों चक 16 डीडब्ल्यूडी के पास पहुंचे, तभी श्रवण पुत्र दानाराम मोटर साइकिल लेकर वहां रुका हुआ था। इसी दौरान सामने से आई एक थार गाड़ी को शिवप्रकाश पुत्र जगदीश निवासी चक 1 आरडब्ल्यूएम ने कथित रूप से नशे की हालत में तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए मोटर साइकिल के पास खड़े महेन्द्र और भूपेन्द्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके हाथ-पैर टूट गए तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।
आरोप है कि हादसे के बाद चालक थार लेकर मौके से फरार हो गया। शोर सुनकर आसपास की ढाणी से देवेन्द्र पुत्र सोहनलाल सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को राजकीय चिकित्सालय रावतसर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय हनुमानगढ़ रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को उच्च चिकित्सा केन्द्र जयपुर भेज दिया गया। दोनों का उपचार अभी भी जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिवप्रकाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक जसवंत सिंह को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। Hanumangarh News