Hanumangarh Weather: हनुमानगढ़ वासियों का जल्द ख़त्म हो सकता है बारिश का इंतजार! इस दिन से अच्छी बारिश की संभावना
30 जुलाई से बीकानेर संभाग में मानसून फिर होगा सक्रिय, अच्छी बारिश की संभावना
हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जिले में पिछले दो-तीन दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दिनभर तेज धूप और हवा में नमी के कारण लोग पसीने से तर-बतर हो रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार हनुमानगढ़ में तापमान लगातार 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जिससे गर्मी और उमस का असर और अधिक महसूस हो रहा है। Hanumangarh Weather
इस बीच मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राहत भरी खबर दी है। विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब (डीप डिप्रेशन) और मानसून ट्रफ की अनुकूल स्थिति के कारण राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। वहीं 29 जुलाई से अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग के अन्य हिस्सों में भी वर्षा का दायरा बढ़ने की संभावना है।
हनुमानगढ़ सहित बीकानेर संभाग में 30 जुलाई से 2 अगस्त के बीच मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश होने के आसार हैं। यदि मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो उमस और गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलेगी तथा किसानों के लिए भी यह बारिश लाभदायक साबित हो सकती है। Hanumangarh Weather